पंजाब। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के 12वीं के परीक्षा परिणामों में छात्राओं के ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद आज मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर प्रदेश के टॉपर्स और उनके परिवारों को सम्मानित करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पहले तीन स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्कॉलरशिप के चेक सौंपेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई देंगे। बुधवार को घोषित हुए परिणामों में मानसा की सुप्रीत कौर, लुधियाना की सुहानी चौहान और दिव्यांशी ने 500 में से 500 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है।
इस वर्ष 12वीं की बोर्ड परीक्षा का ओवरऑल रिजल्ट 91.46 प्रतिशत रहा, जिसमें कुल 2 लाख 65 हजार 417 विद्यार्थियों में से 2 लाख 42 हजार 755 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो 96 प्रतिशत के साथ अमृतसर जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहा, जबकि पठानकोट और मोहाली ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
सूची में सबसे निचला स्थान लुधियाना का रहा, जहाँ 87.04 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए। मुख्यमंत्री ने इस शानदार सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि जनता के टैक्स का पैसा शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में खर्च किया जा रहा है और सरकार मेधावी छात्रों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
