चंडीगढ़। वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’ माने जा रहे पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम घोषित हो गए हैं। सूबे की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन चुनावों में प्रचंड प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के कुल 1,977 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 954 वार्डों पर शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा साबित किया है। वहीं, कांग्रेस 390 से अधिक वार्ड जीतकर दूसरे नंबर पर रही है।
इसके अलावा अकाली दल (SAD) को 192, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 172, निर्दलीयों को 251 और बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 7 वार्डों में सफलता मिली है। विदित हो कि पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 105 स्थानीय निकायों—जिसमें 8 नगर निगम (मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट), 75 से अधिक नगर पालिका परिषद (नगर काउंसिल) और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं—के लिए गत 26 मई को बैलेट पेपर के जरिए मतदान कराया था। इस चुनाव में कुल 63.94% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जिसके बाद शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गणना पूरी की गई।’आप’ का प्रमुख नगर निगमों में क्लीन स्वीप, दिग्गजों के गढ़ ढहे निकाय चुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने कई प्रमुख नगर निगमों में एकतरफा जीत हासिल की है।
‘आप’ ने बरनाला में 36, बठिंडा में 31, मोगा में 30 और बटाला में 30 वार्ड जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया। इसके अलावा मोहाली नगर निगम में भी 26 वार्ड जीतकर ‘आप’ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधानसभा क्षेत्र ‘धुरी’ के नगर काउंसिल चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 21 में से 19 वार्ड जीतकर विपक्षी दलों का पूरी तरह सूपड़ा साफ कर दिया। वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के प्रभाव वाले क्षेत्र ‘गिद्दरबाहा’ में भी ‘आप’ ने 19 में से 17 वार्डों पर एकतरफा कब्जा जमाया।
