रायपुर। विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के अवसर पर जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 32 स्लाइस अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ किया। करीब 449.99 लाख रुपये की लागत से स्थापित यह सुविधा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, सीजीएमएससी तथा मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के माध्यम से शुरू की गई है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह पहल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी और आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक सीटी स्कैन सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
नई सीटी स्कैन सुविधा से सूरजपुर जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के जिलों के मरीजों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब जिले में ही कई गंभीर बीमारियों की जांच संभव हो सकेगी। इस सुविधा के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी, मस्तिष्क में रक्तस्राव, खून का थक्का जमना, कैंसर, ट्यूमर, स्ट्रोक, छाती संबंधी संक्रमण, पेट की गंभीर बीमारियां और मिर्गी जैसी जटिल बीमारियों की जांच जिला चिकित्सालय में ही की जा सकेगी।
अब तक सीटी स्कैन जांच के लिए मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया जाता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियां होती थीं। नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और निजी केंद्रों की तुलना में कम दर पर जांच उपलब्ध हो सकेगी। जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की 24×7 टीम तैनात की गई है, ताकि मरीजों को लगातार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा तथा जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत बनेगी।
