6.7 C
London
Sunday, December 14, 2025
Homeराज्यआंखों में आंसू और जय माता दी का नारा, बृज बिहारी हत्याकांड...

आंखों में आंसू और जय माता दी का नारा, बृज बिहारी हत्याकांड में कुछ इस तरह सरेंडर करने निकले मुन्ना शुक्ला

Published on

मुजफ्फरपुर

बृज बिहारी हत्याकांड के 26 साल बाद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला को सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई। सजा के बाद मुन्ना शुक्ला पटना कोर्ट में सरेंडर करेंगे। मुजफ्फरपुर आवास से निकलते वक्त उनके परिवार और समर्थक भावुक हो गए। समर्थकों ने जय माता दी के नारे भी लगाए, लेकिन किसी को भी वीडियो बनाने से मना कर दिया गया। बृज बिहारी हत्याकांड में दोषी ठहराए जाने के बाद मुन्ना शुक्ला को सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस मामले में निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट तक सुनवाई हुई थी।

सरेंडर के लिए सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली मोहलत
सुप्रीम कोरट ने 1998 में हुई बिहार के पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के मामले में दोषी पूर्व विधायक विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला की वो याचिका बुधवार को खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने आत्मसमर्पण के लिए समय दिए जाने का अनुरोध किया था। अपराधी से नेता बने शुक्ला की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति संजय कुमार और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ को बताया कि पत्नी की स्वास्थ्य समस्याओं और कामकाज के प्रबंधन के लिए उन्हें 30 दिनों का समय चाहिए।

मुन्ना शुक्ला की याचिका खारिज करते हुए पीठ ने कहा कि उसके तीन अक्टूबर के आदेश में उन्हें 15 दिन का पर्याप्त समय दिया गया है, इसलिए उन्हें और अधिक छूट नहीं दी जा सकती। सुप्रीम कोर्ट ने हत्या मामले में तीन अक्टूबर को पूर्व विधायक शुक्ला और आरोपी मंटू तिवारी को दोषी करार दिया था।

पूर्व सांसद सूरजभान सिंह समेत पांच बच गए
शीर्ष अदालत ने मामले में सभी आरोपियों को बरी करने के पटना उच्च न्यायालय के आदेश को आंशिक रूप से रद्द कर दिया था। मुन्ना शुक्ला और मंटू तिवारी को दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने को कहा था। मंटू तिवारी दिवंगत भूपेंद्र नाथ दुबे के भतीजे हैं, जो बृज बिहारी प्रसाद की विधवा रमा देवी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी देवेंद्र नाथ दुबे के भाई थे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद सूरजभान सिंह समेत पांच अन्य आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए उन्हें बरी करने के फैसले को बरकरार रखा।

प्रभावशाली ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) नेता बृज बिहारी प्रसाद की गोरखपुर के गैंगस्टर श्रीप्रकाश शुक्ला द्वारा की गई हत्या की घटना ने बिहार और उत्तर प्रदेश की पुलिस को हिलाकर रख दिया था। श्रीप्रकाश शुक्ला को बाद में उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और अन्य ने मार गिराया था। मामला 7 मार्च 1999 को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया था। केंद्रीय एजेंसी ने पूर्व सांसद सूरजभान सिंह और तीन अन्य को अपराध के साजिशकर्ता के रूप में नामित किया था।

पटना IGIMS में टहलते वक्त हुई थी हत्या
सीबीआई ने आरोप लगाया था कि 13 जून 1998 को बृज बिहारी प्रसाद की हत्या से पहले पटना के बेउर जेल में मुन्ना शुक्ला, लल्लन सिंह और राम निरंजन चौधरी के साथ सूरजभान सिंह की बैठक हुई थी। ये चारों बेउर जेल में ही बंद थे। 24 जुलाई 2014 को उच्च न्यायालय ने सभी आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था तथा निचली अदालत के 12 अगस्त 2009 के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।

आरोपी श्रीप्रकाश शुक्ला उर्फ शिव प्रकाश शुक्ला, सुधीर त्रिपाठी और अनुज प्रताप सितंबर 1998 में उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारे गए थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, बृज बिहारी प्रसाद और उनके अंगरक्षक की पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में हथियारबंद बंदूकधारियों ने उस समय हत्या कर दी थी जब वे टहल रहे थे। कथित इंजीनियरिंग कॉलेज प्रवेश घोटाले में आरोपी के रूप में न्यायिक हिरासत के दौरान उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बृज बिहारी पर छोटन शुक्ला की हत्या कराने का आरोप
अभियोजन पक्ष के कुछ गवाहों ने निचली अदालत के समक्ष अपने बयान में दावा किया था कि बृजबिहारी प्रसाद की हत्या मुन्ना शुक्ला के बड़े भाई छोटन शुक्ला की हत्या का नतीजा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटन शुक्ला की चार दिसंबर 1994 को बृज बिहारी प्रसाद के गुंडों ने हत्या कर दी थी। तब छोटन शुक्ला विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार कर घर लौट रहे थे।
इनपुट- एजेंसी

Latest articles

प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रिका भोजपाल महोत्सव मेला, एक जनवरी तक रहेगा रोमांच,ये शमा है प्यार का किसी के इंतजार का से बांधा समां,...

भोपाल. राजधानी का भेल दशहरा मैदान शनिवार को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हो उठा।...

बीएचईएल ने हटाए अतिक्रमण

भोपाल lबी एच ई एल भोपाल के महाप्रबंधक (मा सं ) टीयू सिंह एवं...

प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रिका भोजपाल महोत्सव मेला, एक जनवरी तक रहेगा रोमांच

महामहिम राज्यपाल ने किया भोजपाल महोत्सव मेले का भ्रमण, मेला अध्यक्ष के नेतृत्व में...

कांग्रेस का आरोप स्वास्थ्य विभाग में 943 करोड़ का कथित घोटाला, स्कूलों में बच्चों से श्रम और लैपटॉप योजना में फर्जीवाड़ा

भोपाल।मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, विधायक...

More like this

सागर में नेशनल हाईवे 44 पर भीषण सड़क हादसा

सागर ।मध्यप्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा...

राजस्थान के सीकर में दर्दनाक सड़क हादसा

राजस्थान ।राजस्थान के सीकर जिले में जयपुर–बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात दिल दहला...

खजुराहो में कैबिनेट बैठक : बुंदेलखंड विकास के लिए कई बड़े निर्णय

भोपाल ।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को खजुराहो के महाराजा छत्रसाल...