दुमका
झारखंड में दुमका पेट्रोल कांड में हुई अंकिता की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था, इसी बीच एक और बड़ी वारदात सामने आई है। विश्वविद्यालय ओपी क्षेत्र में पेड़ से लटकती मिली एक आदिवासी किशोरी की लाश ने सूबे के सियासी तापमान बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि, मृतका गर्भवती थी। मामला शुक्रवार का है लेकिन, शनिवार के रोज शव की शिनाख्त हुई और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। किसी भी तरह के बयानबाजी से बचती नजर आ रही है। वहीं राज्य में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाने पर लेते हुए निशाना साधा है।
रानीश्वर थाना इलाके की थी नाबालिग किशोरी
बताया जा रहा कि नाबालिग किशोरी का शव मिलने के बाद पुलिस उसकी शिनाख्त में जुट गई। जांच में पता चला कि वो दुमका के रानीश्वर इलाके की है। फिर मृत किशोरी के परिजनों से उसकी पहचान कराकर शव को घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया। बीती शाम दुमका के दिग्घी ओपी क्षेत्र के श्री अमड़ा गांव में नाबालिग की लाश पेड़ से लटकती मिली थी। शव की पहचान को लेकर पड़ताल में जुटी पुलिस को पता चला कि, युवती मजदूरी करने दुमका आया करती थी। बताया जा रहा कि यहीं एक राज मिस्त्री अरमान अंसारी से उसके संबंध बन गए।
पोस्टमॉर्टम में हुआ गर्भवती होने का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, मृत किशोरी का जब पोस्टमार्टम कराया गया तो उसके गर्भवती होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी अरमान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी देते हुए DIG दुमका सुदर्शन मंडल ने आरोपी युवक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उसके ऊपर IPC की धारा 302, 376, 201 के साथ ही SC/ST एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने ट्वीट कर कहा- मामला लव जेहाद का
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मामले को लव जिहाद से जुड़ा बताया है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि, अरमान ने आदिवासी की हत्या कर अपने अरमान पूरे कर लिए। उधर दुमका पुलिस इस मामले में बेहद ही सावधानी बरत रही है। पूर्व महिला कल्याण मंत्री लुइस मरांडी ने भी इस मामले में आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है।
