पटना
लोकसभा चुनाव में अभी 20 महीने बाकी हैं। इससे पहले ही नीतीश कुमार ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर बीजेपी से दो-दो हाथ करने को तैयार है। इन सब के बीच जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दावा किया है कि 2024 लोकसभा चुनाव में, बिहार में महागठबंधन 40 में से 40 सीट जीतेगा। ललन सिंह ने कहा कि जब उनके साथ थे तो 40 में से 39 सीट मिला। अब हमारे पास 75 फीसदी वोट है। इसलिए बिहार की सभी 40 लोकसभा सीट हमलोग जीतेंगे।
दावों में कितना है दम
दरअसल, नीतीश कुमार जब से एनडीए से अलग हुए हैं तब से बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पार्टी नीतीश कुमार को पीएम पद के लिए प्रोजेक्ट करना चाहती है। जेडीयू अध्यक्ष का कहना है कि अगर सभी विपक्षी पार्टियां तैयार हो जाती हैं तो नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी के खिलाफ चेहरा बन सकते हैं। हालांकि अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ है। कुछ दिन पहले पटना आए तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा था कि हमलोग मिल बैठकर इस पर बात करेंगे, फिर बताएंगे। ऐसे में अब सवाल उठता है कि ललन सिंह ने 75 परसेंट वाला फार्मूला कहां से निकाला।
ललन सिंह के दावे को समझने के लिए थोड़ा सा आपको पीछे ले चलते हैं। 2020 विधानसभा चुनाव में बीजेपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बनी। वहीं, नीतीश कुमार की जेडीयू तीसरे नंबर पर की पार्टी है। 2020 विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 19.46 फीसदी वोट मिले है। बीजेपी के 74 उम्मीदवार जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वहीं, आरजेडी को 23.11 फीसदी वोट मिले थे और 75 उम्मीदवार जीते थे। जबकि जेडीयू को जदयू 15.39 फीसदी वोट मिले थे और 43 सीटों पर सफलता मिली थी।
2020 विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के वोट फीसदी
बीजेपी 19.46%, जेडीयू 15.39%, आरजेडी 23.11%, एआइएमआइएम 01.24 %, कांग्रेस 09.48%, बसपा 01.49%, सीपीआइ 0.83%, माकपा 0.65%, लोजपा 05.66%, राकांपा 0.23%, रालोसपा 01.77%, नोटा 01.68%। इस तरह बीजेपी, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा और बसपा-एआइएमआइएम के वोट फीसदी को हटा दिया जाए तो महागठबंधन के पास लगभग 75 फीसदी वोट शेयर हो जाते हैं। इसी आधार पर जेडीयू अध्यक्ष ने दावा किया है कि उनके पास 75 फीसदी वोट हैं।
