मुंबई
आईआईटी बॉम्बे परिसर में महिला छात्रावास के बॉथरूम में तांक-झांक करने वाले कर्मचारी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा। डीसीपी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि आरोपी के पास से मोबाइल बरामद कर लिया गया है। हालांकि ऐसा कोई वीडियो उसके मोबाइल से नहीं मिला है। इससे पहले छात्राओं ने आरोप लगाया था कि वह लड़कियों का वीडियो भी बना रहा था।
इससे पहले आईआईटी बॉम्बे में एक कैंटीन कर्मचारी को गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में झांकते हुए पकड़ा गया था। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कैंटीन में रात के वक्त ड्यूटी करने वाला यह कर्मचारी रविवार की रात गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में ताका-झांकी कर रहा था। छात्राओं ने इसे रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस के हवाले किया।
मोबाइल से नहीं मिला वीडियो
छात्राओं ने जब उक्त कर्मचारी को रंगे हाथों पकड़ा तो आरोप लगाया कि वह लड़कियों के वीडियो भी बना रहा था। इस मामले में डीसीपी रेड्डी ने बताया कि आरोपी के पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है लेकिन, मोबाइल में ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
