मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई शहर को दहलाने की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार की रात मुंबई एयरपोर्ट को भी एक धमकी भरा ई-मेल आया था। इस ईमेल के मुताबिक एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट 6E6045 में बम होने की जानकारी दी गई थी। यह सूचना मिलते ही छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल पर मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट की सघन तलाशी ली गई। हालांकि जांच में एजेंसियों को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिसके बाद देर रात विमान को रवाना किया गया। पुलिस ने धमकी भरे ईमेल को बेहद गंभीरता से लिया है और इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है।
पहले भी आ चुकी है धमकी
इसके पहले मुंबई पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल रूम को भी धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज आए थे। जिसमें मुंबई शहर को दहलाने की बात कही गई थी। मैसेज में उस दौरान यह भी कहा गया था कि मुंबई में आतंकवादी दाखिल हो चुके हैं। जो वह भीड़भाड़ वाली जगहों को अपना निशाना बनाएंगे। इस व्हाट्सएप मैसेज को भी मुंबई पुलिस ने संजीदगी से लेते हुए तफ्तीश शुरू की थी। बाद में इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया था।
रायगढ़ में मिली थी संदिग्ध बोट
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भी कुछ दिनों पहले समंदर में दो संदिग्ध बोट मिली थी। जिसके अंदर जिलेटिन की छड़ें भी बरामद हुई थी। यह बोट मिलने के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया था। हालांकि, तफ्तीश के बाद पता चला था कि आखिर यह बोट किसकी है और यह रायगढ़ के समुद्र किनारे तक कैसे पहुंची थी।
