लखनऊ
सियासत की पिच पर अपने विरोधियों के छक्के छुड़ाने वाले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को क्रिकेट के मैदान में हाथ आजमाया। सीएम ने इस दौरान बैटिंग की और शॉट भी लगाए। वहीं सीएम योगी के शॉट लगाते ही योगी-योगी के नारे भी लगने लगे। दरअसल भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियममें राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 कप दूसरे टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। सीएम योगी टूर्नामेंट का उद्घाटन करने पहुंचे थे। सीएम योगी ने राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 कप टूर्नामेंट का लखनऊ के इकाना स्टेडियम में उद्घाटन किया। यहां सीएम योगी ने क्रिकेट की पिच और बल्ले पर भी हाथ अजमाया। उन्होंने पहली ही बॉल पर चौका लगा दिया।
दीपा मलिक को सीएम योगी ने कहा- धन्यवाद
सीएम योगी ने कहा इस कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर कई टीमें यहां भाग ले रही है। कई संस्थाएं इस कार्यक्रम के साथ जुड़ी है। इसके साथ ही कार्यक्रम की ब्रांड एंबेसडर दीपा मलिक को भी सीएम योगी ने धन्यवाद दिया।
सरदार पटेल की जयंती पर T20 क्रिकेट मैच में सीएम योगी
लौहपुरुष सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज पूरा देश उनकी जयंती मना रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में रन फॉर यूनिटी दौड़ चल रही है। इसी अवसर पर यहां इकाना स्टेडियम में दिव्यांगजन टूर्नामेंट चल रहा है। इसके लिए आयोजकों और दिव्यांगजन खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
इकाना स्टेडियम में लखनऊ वालों के लिए रोमांच का मौका
सीएम योगी ने कहा दीपा मालिक लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनी है, वो पहली पैरालंपिक खिलाड़ी हैं. जिन्होंने पदक जीता था। वहीं आठ दिनों तक चलने वाले इस टी 20 क्रिकेट मैच को लेकर सीएम योगी ने कहा कि अगले 7 दिनों तक लखनऊवासियों को यहां बहुत रोमांचक मैच देखने का अवसर मिलने वाला है।
दिव्यांगजन को हर साल 12 हजार पेंशन दे रहे- योगी
वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश में वर्तमान में 10 लाख दिव्यांगजन को 12 हजार सालाना पेंशन हमारी सरकार दे रही हैं, उनके लिए कृत्रिम अंग भी दिया जाता है।
सीएम योगी ने की पीएम मोदी की तारीफ
सीएम योगी ने कहा पीएम मोदी ने भारत के प्रत्येक वर्ग के नागरिकों को बिना भेदभाव के शासन की योजनाएं पहुंचाई है। उनका मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ये नए भारत की कहानी को कहता है।
