नई दिल्ली ,
पाकिस्तान के पंजाब में जब इमरान खान पर हमलावरों ने फायरिंग शुरू की तो उस समय भीड़ में खड़ा एक समर्थक किसी फरिश्ते से कम नहीं निकला. दरअसल, जब हमलावर फायरिंग कर रहा था तो उसी शख्स ने पीछे से उसकी बंदूक को पकड़कर नीचे कर दिया, जिस वजह से उसका निशाना चूका और उसे तुरंत वहां से भागना पड़ गया. उस शख्स ने इसके बाद भी हमलावर का पीछा नहीं छोड़ा और उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी.
पाकिस्तानी न्यूज चैनल ARY News के अनुसार, जिस कंटेनर पर इमरान खान अन्य नेताओं के साथ खड़े थे, हमलावर ने उसी कंटेनर की ओर से निशाना लगाकर गोली चलाई. हालांकि, फायरिंग के दौरान इमरान खान के समर्थक ने बंदूकधारी का हाथ पकड़ लिया, जिस वजह से निशाना ठीक नहीं लग पाया. हमलावर की कोशिश नाकाम करने वाले शख्स को इमरान खान के अन्य समर्थकों ने अपने कंधे पर उठा लिया. समर्थकों का कहना है कि जो उसने किया, इसके बाद वह किसी हीरो से कम नहीं है. सोशल मीडिया पर भी शख्स का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. खासतौर पर इमरान खान के समर्थक युवक की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
हमलावर की साजिश नाकाम करने वाले शख्स की पाकिस्तान में काफी सराहना की जा रही है. एक यूजर ने ट्विटर पर इस शख्स को पाकिस्तान का रियल हीरो बताया है. यूजर ने कहा है कि इस शख्स ने अकेले ही इमरान खान की जिंदगी बचाई है.एक अन्य यूजर ने इस शख्स को ‘सुपरस्टार ऑफ द डे’ कहा है. यूजर ने कहा कि इस शख्स ने ना सिर्फ हमलावर की साजिश को नाकाम की, साथ ही इमरान खान की जिंदगी भी बचा ली.
वहीं एक अन्य यूजर ने कहा है कि इस लाल शर्ट पहने शख्स ने इमरान खान की जान बचाई है. यूजर ने आगे कहा कि इमरान खान की जान बचाने के लिए हम हमेशा आपके कर्जदार रहेंगे.वहीं इमरान खान के एक समर्थक ने तो इस शख्स को सीधा फरिश्ता ही कह दिया. यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह वही फरिश्ता है, जिसने हमलावर की बंदूक नीचे की थी.
गिरफ्तारी के बाद क्या बोला हमले का आरोपी ?
इमरान खान पर फायरिंग करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपी का कहना है कि उसने इमरान खान को मारने की इसलिए कोशिश की, क्योंकि वे लोगों को गुमराह कर रहे हैं. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसने इमरान खान को मारने के लिए ही गोलियां चलाई थी.
आरोपी ने कहा कि इमरान खान लोगों को गुमराह कर रहे हैं और अब उससे यह सब देखना नहीं झेला जा रहा था. इसी वजह से ही उसने इमरान खान को मारने की कोशिश की. आरोपी ने दावा करते हुए कहा कि वह सिर्फ इमरान खान को मारना चाहता था और किसी को नहीं.
गोली लगने से घायल हुए प्रधानमंत्री इमरान खान
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पंजाब प्रांत में रैली के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें खुद पीटीआई चीफ भी गोली लगने से घायल हो गए. इमरान खान को गोली लगते ही आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. इमरान खान के पैर में गोली लगी है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हमले के बाद इमरान खान की पहली प्रतिक्रिया
रैली में हमले के बाद इमरान खान की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है. इमरान खान ने कहा है कि खुदा ने उन्हें नई जिंदगी बख्शी है. उन्होंने कहा है कि इंशाल्लाह वे फिर वापसी करेंगे और अपनी लड़ाई को जारी रखेंगे. बता दें कि मौजूदा समय में इमरान खान शहबाज शरीफ सरकार के खिलाफ आजादी मार्च निकाल रहे हैं, जिसकी शुरुआत लाहौर से हो चुकी है और यह खत्म इस्लामाबाद में होनी थी.
हमलावर के पास थे ऑटोमेटिक हथियार
पीटीआई के नेता असद उमर ने इस हमले को लेकर गंभीर दावा किया है. पीटीआई नेता असद उमर ने कहा है कि फायरिंग करने वाले हमलावर के पास ऑटोमेटिक हथियार थे. वहीं फवाद चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर यह हमला कातिलाना था.
