नई दिल्ली
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क बड़े बेआबरू होकर ट्विटर के कर्मचारियों को निकाल रहे हैं। शुक्रवार को जब ट्विटर के कर्मचारी सोकर उठे तो उन्हें कंपनी की ओर से एक काफी भयावह मेल मिला। ऐसा मेल कि उनके होश उड़ गए। इस मेल का सार यही था कि अगर आप आज ऑफिस आने की सोच रहे हैं, तो रुक जाइए, पहले चेक कर लें कि आपकी नौकरी बची है या नहीं। पहले से ही यह माना जा रहा था कि मस्क शुक्रवार को ट्विटर के आधे कर्मचारियों को निकाल देंगे। लेकिन इस तरह निकालेंगे यह किसी ने नहीं सोचा था। एलन मस्क ने हाल ही में ट्विटर को खरीदा है। ट्विटर का मालिक बनते ही सबसे पहले उन्होंने सीईओ पराग अग्रवाल और पूरे बोर्ड को बर्खास्त किया। अब वे बड़ी संख्या में कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा रहे हैं।
नौकरी नहीं बची तो पर्सनल ई-मेल पर आएगा नोटिफिकेशन
ट्विटर की तरफ से कर्मचारियों को एक मेल आया। इस मेल में लिखा था, ‘ट्विटर को एक हेल्दी रास्ते पर ले जाने के लिए हम शुक्रवार को हमारी ग्लोबल वर्कफोर्स को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। इससे ट्विटर के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कई कर्मचारी प्रभावित होंगे, लेकिन दुर्भाग्य से ट्विटर को सफलता के रास्ते पर ले जाने के लिए यह कदम आवश्यक है।’ मेल में आगे लिखा गया, ‘आप स्पैम फोल्डर सहित अपना मेल चेक करें। अगर आपकी नौकरी प्रभावित नहीं हुई है, तो आपको आपके ट्विटर ई-मेल के जरिए एक नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर आपकी नौकरी प्रभावित हुई है, तो आपको अगले कदम के लिए आपके पर्सनल ई-मेल पर नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर आपको twitter-hr@ से शुक्रवार को 5PM PST तक कोई मेल नहीं मिलता है, तो peoplequestions@twitter.com को मेल करें।’
ट्विटर के सभी ऑफिस अस्थायी रूप से बंद
मेल में आगे लिखा गया, ‘ट्विटर सिस्टम्स, कस्टमर डाटा और प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए हमारा ऑफिस अस्थाई रूप से बंद रहेगा। साथ ही सभी बैज सस्पेंड कर दिये गए हैं। अगर आप किसी ऑफिस में हैं या ऑफिस के रास्ते में हैं, तो कृपया घर लौट जाएं। हमें पता है कि यह सभी के किए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, चाहे आपकी नौकरी प्रभावित हो रही हो या नहीं।’
आधे कर्मचारियों की नौकरी जाने की आशंका
ट्विटर के मालिक बनते ही सबसे पहले मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल को बाहर का रास्ता दिखाया। उनके साथ ही चार दूसरे बड़े अधिकारियों की भी छुट्टी की गई। इनमें सीएफओ नेड सेगल और पॉलिसी हेड विजया गाड्डे भी शामिल थीं। हाल ही में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि एलन मस्क 3,000 और कर्मचारियों को बाहर निकालने की तैयारी में है। रिपोर्ट में कहा गया था कि मस्क ट्विटर के आधे कर्मचारियों की कंपनी से छुट्टी करना चाहते हैं। ये करीब 3700 कर्मचारी हैं।
इंजीनियरों को दिया था हफ्ते में 12 घंटे काम का आदेश
ट्विटर के मालिक बनने के बाद मस्क कंपनी के पुराने कर्मचारियों से बेहद सख्ती से पेश आ रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कंपनी के इंजीनियरों के लिए हफ्ते में हर दिन 12 घंटे काम करने का नियम लागू किया है। रिपोर्ट के अनुसार मस्क ट्विटर की मौजूदा वर्क फ्रॉम एनिवेयर की पॉलिसी को भी बदलना चाहते हैं। मस्क ट्विटर के कर्मचारियों को ऑफिस लौटने के लिए कह सकते हैं। टेस्ला के साथ भी उन्होंने ऐसा ही किया है। कुछ महीने पहले मस्क ने टेस्ला के कर्मचारियों से कहा था कि वे या तो ऑफिस आएं या नौकरी छोड़ दें।
