गुजरात और हिमाचल प्रदेश चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। अब तक सामने आए रुझानों में गुजरात में बीजेपी तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस लीड बनाती दिख रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी को भी गुजरात में 6 सीटें मिलती दिख रही हैं। आप ने सवेरे ही बैनर लगाकर देशवासियों को राष्ट्रीय पार्टी बनने की बधाई दे दी थी। साथ ही कल आए दिल्ली एमसीडी में भी आप को जीत हासिल हुई। वहीं मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव की बड़ी जीत होती दिख रही है। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि इन चुनावों ने सबको कुछ न कुछ दिया है, चाहे वो बीजेपी हो या फिर कांग्रेस, आप और सपा।
1. गुजरात में मोदी मैजिक
गुजरात विधानसभा चुनावों के स्थिति लगभग साफ हो गई है। अभी तक सामने आए रुझानों में बीजेपी बहुत बड़ी जीत हासिल करती दिख रही है। बीजेपी 150 से ज्यादा सीटें जीतती नजर आ रही है। चुनाव के दौरान कई बीजेपी नेताओं ने ये दावा भी किया था। वहीं कांग्रेस 20 और आप 6 सीटों पर आगे चल रही है। रुझानों को देखकर यही लगता है कि गुजरात में इस बार भी मोदी मैजिक का असर रहा।
2. कांग्रेस को मिला हिमाचल का ताज
अब तक के रुझानों के अनुसार हिमाचल प्रदेश चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनती नजर आ रही है। कांग्रेस 39 सीटों पर आगे चल रही है और उसने बहुमत के आंकड़े को भी पार कर लिया है। वहीं बीजेपी ने 1 सीट जीत ली है और 26 सीटों पर आगे है।
3. आप बन सकती है राष्ट्रीय पार्टी, MCD जीत ही लिया
गुजरात और हिमाचल चुनाव नतीजे सामने आने के बाद आप राष्ट्रीय पार्टी बन सकती है। कल दिल्ली एमसीडी चुनाव नतीजों में आप जीत ही चुकी है। हालांकि अरविंद केजरीवाल के गुजरात जीतने के दावे बेअसर निकले, लेकिन फिर भी गुजरात में आप को 12 फीसदी से ज्यादा वोट शेयर मिलता दिख रहा है। ऐसे में आप राष्ट्रीय पार्टी बन सकती है। पार्टी के नेताओं ने इसके लिए बधाई देना भी शुरू कर दिया है।
4. मैनपुरी में सपा का जलवा
यूपी के मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी का जलवा देखने को मिला। मुलायम सिंह यादव की मृत्यु के बाद खाली हुई इस सीट पर डिंपल यादव 1 लाख से ज्यादा वोटों से आगे चल रही हैं। सपा नेता अभिषेक यादव ने दावा किया है कि वो ढाई लाख से ज्यादा वोटों से जीतेंगी। मैनपुरी सीट से सपा को बड़ी सफलता हाथ लगती दिख रही है।
