लुसैल
अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच शुक्रवार देर रात खेले गए विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल मैच में जमकर बवाल हुआ। प्लेयर्स आपस में भिड़ गए। नतीजा पेनल्टी शूटआउट से निकला और इससे पहले एक दर्शक मैदान में घुस गया, जिसके कारण कुछ देर तक खेल रोकना पड़ा। ये दर्शक कोई और नहीं बल्कि विताली थे। विताली जैसे ही फील्ड में घुसे तो सिक्योरिटी गार्ड्स ने उन्हें रोक लिया। थोड़ी देर के लिए मैच भी रोकना पड़ा।
कौन हैं विताली जोदोरोवेत्सकी?
विताली जोदोरोवेत्सकी एक रूसी यूट्यूबर हैं, जो पहले भी इस तरह फुटबॉल मुकाबलों में मैदान के भीतर घुस चुके हैं। टॉपलेस होकर अंदर घुसे विताली ने अपने सीने पर लिखा था, ‘विताली GOAT’… 30 साल का यह आदमी ब्राजील में हुए 2014 विश्व कप फाइनल में भी इस तरह की हरकत कर चुका है। तब भी अपनी बॉडी पर अजीबोगरीब चित्र और बातें लिखकर आया था।
पोर्न फिल्मों में काम कर चुके विताली जोदोरोवेत्सकी की एक गर्लफ्रेंड हुआ करती थी, जिसका नाम किन्से वोलांस्की था। वो भी कुछ ऐसी ही हरकत कर चुकी है। 2019 में चैंपियंस लीग के फाइनल के दौरान लिवरपूल और टोटेनहम के बीच मैच में वह मिडफील्ड पर दौड़ गई थी। किन्से ने तब ‘विताली अनसेंसर्ड’ चैनल का ब्लैक वन-पीस बिकनी पहन रखा था। 2011 में एडल्ट फिल्म स्टूडियो बैंग ब्रोस के लिए एक पोर्न आर्टिस्ट रहे विताली बाद में इस तरह के काम कर लोकप्रियता हासिल करने लगे।
X रेटेड यूट्यूब चैनल
विताली जोदोरोवेत्सकी के YouTube पर 10 मिलियन यानी 1 करोड़ सब्सक्राइबर्स हैं, जहां वह नियमित रूप से एक्स-रेटेड वीडियो अपलोड करते हैं। विताली की गर्लफ्रेंड किन्से ने जब 2019 में बिकिनी पहनकर फुटबॉल ग्राउंड में घुसने की कोशिश की थी, उसके बाद ही दोनों का ब्रेकअप हुआ। अब किन्से वोलांस्की भी काफी पॉपुलर हो चुकी है। इंस्टाग्राम पर 3.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। विताली के अलावा एक और फैन ने क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान मैदान के भीतर दौड़ लगाई थी। यह घटना लियोनेल मेसी के पेनल्टी को गोल में बदलने के कुछ देर बाद 75वें मिनट में घटी।
सेमीफाइनल में मेसी
मैच की बात करें तो अर्जेंटीना ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में शुक्रवार देर रात नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से पराजित करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस तरह लियोनेल मेसी के विश्व चैंपियन बनने की उम्मीदें बरकरार हैं। मेसी ने शूटआउट में अपनी पेनल्टी गोल में बदली जबकि अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने नीदरलैंड के दो प्रयासों को विफल किया। अर्जेंटीना की तरफ से लुटारो मार्टिनेज ने निर्णायक पेनल्टी पर गोल किया।
