शाहरुख खान और दीपिका पादकोण की अपकमिंग मूवी ‘पठान’ के गाने ‘बेशरम रंग’ पर अभी विवाद जारी है, इस बीच मेकर्स ने नए गाने की अनाउंसमेंट कर दी है। ‘पठान’ मूवी के अगले गाने का टाइटल है- ‘झूमे जो पठान’। इसे शाहरुख और दीपिका पर फिल्माया गया है और इसका फर्स्ट लुक पोस्टर भी रिलीज कर दिया गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
‘पठान’ फिल्म का अगला गाना इस दिन होगा रिलीज
‘पठान’ का अगला गाना ‘झूमे जो पठान’ दो दिन बाद यानी 22 दिसंबर 2022 को रिलीज किया जाएगा। इसके फर्स्ट लुक पोस्टर ने इंटरनेट पर आग लगा दी है, क्योंकि शाहरुख और दीपिका एक बार फिर जबरदस्त लुक में नजर आ रहे हैं।
ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #JhoomeJoPathaan
‘झूमे जो पठान’ का फर्स्ट लुक आते ही ट्विटर पर #JhoomeJoPathaan ट्रेंड होने लगा है। इसको लेकर यूजर्स के अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं। किसी ने लिखा कि साल का अंत धमाकेदार होने वाला है। कोई कह रहा है कि नई फोटो ने आग लगा दी है।
‘पठान’ का पहला गाना ‘बेशरम रंग’ 12 दिसंबर 2022 को रिलीज किया गया था। इस गाने में दीपिका पादुकोण के आउटफिट और डांस मूव्स पर आपत्ति जताई गई। इसके बाद उनकी ऑरेंज कलर की बिकिनी को धर्म से जोड़कर भगवा बिकिनी करार कर दिया गया। इस गाने की वजह से फिल्म को बायकॉट करने की मांग हो रही है।
25 जनवरी को रिलीज होगी मूवी
सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनी ‘पठान’ अगले साल 25 जनवरी 2023 को थिएटर्स में रिलीज होगी। इसमें शाहरुख और दीपिका के अलावा जॉन अब्राहम भी हैं।
