नई दिल्ली,
कभी दुनिया में सबसे अमीर इंसान के तौर पर पहचाने जाने वाले Tesla सीईओ एलन मस्कके बुरे दिन खत्म होते नजर नहीं आ रहे हैं. उनकी संपत्ति जिस तेजी से घट रही है उससे टॉप-10 अरबपतियों की लिस्ट में उनकी नंबर दो की कुर्सी भी खतरे में है. लेकिन इस बुरे दौर में भी उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. मस्क ने पिछले दो महीने में ही सबसे ज्यादा पैसे गंवाए हैं.
एक साल में संपत्ति इतनी घटी
अरबपति कारोबारी और टेस्ला के सीईओ Elon Musk ने नंबर एक अमीर का ताज गंवाने के बाद पैसे गंवाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. टेक टाइकून की संपत्ति में बीते साल के आखिरी दो महीनों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली और उन्होंने अपनी नेटवर्थ का एक बड़ा हिस्सा गंवा दिया. फोर्ब्स के आंकड़ों के आधार पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने एक ब्लॉग में बताया है कि एलन मस्क ने 2021 के हाई लेवल से अपनी नेटवर्थ में अब तक 182 अरब डॉलर (करीब 14.71 लाख करोड़ रुपये) गंवा दिए हैं. ऐसा करने वाले वे इतिहास के पहले व्यक्ति बन गए हैं.
200 अरब डॉलर घाटे का है अनुमान
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘आंकड़े Forbes के अनुमानों पर आधारित हैं, अन्य स्रोतों को जोड़ने से यह रकम 200 अरब डॉलर के करीब होने का अनुमान है.’ बिजनेस स्टैंडर्ड पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने 182 अरब डॉलर की संपत्ति गंवाकर जापानी अरबपति के नाम पर दर्ज इस विश्व रिकॉर्ड को बड़े अंतर से तोड़ दिया है.
मासायोशी सोन का रिकॉर्ड तोड़ा
रिकॉर्ड कीपर गिनीज के मुताबिक, सटीक आंकड़ा पता लगाना लगभग असंभव है, लेकिन मस्क को हुआ ये बड़ा घाटा साल 2000 में जापानी टेक इन्वेस्टर मासायोशी सोन द्वारा गंवाए गए 58.6 अरब डॉलर के पिछले रिकॉर्ड को पार कर गया है. एलन मस्क की संपत्ति साल 2021 के अंत में अपने शिखर पर थी और ये 320 अरब डॉलर दर्ज की गई थी. लेकिन अब जनवरी 2023 में यह घटकर 138 अरब डॉलर के निचले स्तर पर पहुंच गई.
नेटवर्थ में गिरावट की ये बड़ी वजह
Elon Musk की संपत्ति में गिरावट की प्रमुख वजह का जिक्र करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला के शेयरों के खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें ये भारी-भरकम नुकसान उठाना पड़ा है. इसके अलावा, जब से उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर के साथ 44 अरब डॉलर की डील की उसके बाद से उनके बुरे दिन शुरू हो गए थे. नेटवर्थ में आई गिरावट के चलते ही फ्रांस के अरबपति बर्नार्ड अर्नाल्ट ने उन्हें पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर इंसान का ताज अपने नाम किया. वहीं अब भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं.
