7.9 C
London
Sunday, March 29, 2026
Homeखेलरंग लाई पहलवानों की लड़ाई, इस्तीफा दे सकते हैं कुश्ती महासंघ के...

रंग लाई पहलवानों की लड़ाई, इस्तीफा दे सकते हैं कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह

Published on

नई दिल्ली,

भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ पहलवानों का धरना जंतर मंतर पर लगातार दूसरे दिन भी जारी है. प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कुछ कोच पर महिला रेसलर्स के यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. साथ ही महासंघ के कामकाज पर भी सवाल उठाए. धरने पर बैठे पहलवानों का कहना है कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती हम धरने पर बैठेंगे. किसी भी इवेंट में कोई एथलीट हिस्सा नहीं लेगा. उधर, धरने पर बैठे पहलवानों को दंगल गर्ल और बीजेपी नेता बबीता फोगाट का भी समर्थन मिला है. विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.

बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, आसू मलिक, साक्षी मलिक, सत्यव्रत कादियान, अंतिम पंघाल, रवि दहिया, दीपक पूनिया, संगीता फोगाट, सरिता मोर, सोनम मलिक, महावीर फोगाट, कुलदीप मलिक समेत देश के करीब 30 बड़े पहलवानों ने बुधवार को जंतर मंतर पर धरना शुरू किया था. पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये साजिश है. उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही साबित हुए, तो मैं फांसी पर लटकने के लिए तैयार हूं.

– अगर ऐसा होता है तो हम उनके (बृजभूषण सिंह) इस्तीफे के फैसले का स्वागत करते हैं: महावीर फोगट

-भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह तमाम आरोपों का जवाब देने के बाद दिल्ली से सड़क मार्ग से गोंडा के लिए दोपहर 12 बजे रवाना हो गए.

-बैठक खत्म होने के बाद सभी पहलवान एक बार फिर जंतर-मंतर पर पहुंच चुके हैं.

-खेल मंत्रालय के साथ खिलाड़ियों की बैठक खत्म हो चुकी है. जिसके बाद कहा जा रहा है कि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह 22 जनवरी को इस्तीफा दे सकते हैं.

– बजरंग पूनिया ने बताया कि धरने पर बैठे खिलाड़ियों को खेल मंत्रालय से संदेश आया है. उन्हें बातचीत के लिए बुलाया गया है. हम बातचीत के लिए जा रहे हैं.

– भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से फोन पर बात की है. बताया जा रहा है कि मंत्रालय कुश्ती महासंघ से खुश नहीं है. मंत्रालय कुश्ती संघ पर कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है. मामले की जांच के लिए मंत्रालय कमेटी बना सकता है.

– बृजभूषण शरण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से की बात: सूत्रों के मुताबिक, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से फोन पर कर आरोपों पर सफाई दी और अपना पक्ष रखा.

– रेसलर और बीजेपी नेता बबीता फोगाट भी धरने पर पहलवानों का साथ देने पहुंची. उन्होंने कहा, मैंने पहलवानों को भरोसा दिलाया है, कि सरकार उनके साथ है. मैं कोशिश करूंगी कि आज उनके मुद्दों को सुलझाया जाए.

विनेश फोगाट के परिजन दिल्ली रवाना
उधर धरने पर बैठी विनेश और संगीता फोगाट के परिजन चरखी दादरी के गांव बलाली से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. पहलवानों के परिजन भी खिलाड़ियों के साथ धरने पर बैठेंगे. बबीता के पिता द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फोगाट और विनेश फोगाट के भाई हरविंद्र दिल्ली के लिए रवाना हुए. महावीर फोगाट ने कहा कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष महिला पहलवानों के साथ शोषण करना निंदनीय है. बबीता फोगाट ने सरकार पर भरोसा जताया और कहा कि खिलाड़ियों के साथ न्याय होगा. बबीता फोगाट ने कहा कि मुझे सरकार पर पूरा भरोसा है कि वह विश्व में देश का मान-सम्मान बढ़ाने वाले देश के खिलाड़ियों के साथ न्याय करेगी.

गीता फोगाट ने कहा, हमारे देश के पहलवानो ने बहुत हिम्मत का काम किया है. फेडरेशन में जो खिलाड़ियों के साथ होता है, उस सच को सामने लाने का ओर हम सब देशवासियों का फर्ज बनता है. इस सच की लड़ाई में खिलाड़ियों का साथ देने का ओर उनको न्याय दिलाने का.

अब तक इस मामले में क्या क्या हुआ?
– बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट समेत करीब 30 पहलवान बुधवार को धरने पर बैठे, धरना गुरुवार को भी जारी है.
– पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और कुछ कोच पर यौन शोषण समेत गंभीर आरोप लगाए.
– पहलवानों का दावा है कि कुश्ती महासंघ नियमों के नाम पर रेसलर्स का उत्पीड़न कर रहा है.
– बृजभूषण शरण सिंह ने आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा, आरोप सही साबित हुए तो फांसी पर लटकने के लिए तैयार.
– बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि नए नियम बनने के बाद ये धरने शुरू हुए. खिलाड़ी ट्रायल से बचना चाहते हैं.
– दिल्ली महिला आयोग ने मामले में संज्ञान लिया और खेल मंत्रालय को नोटिस भेजा.
– खेल मंत्रालय ने कुश्ती महासंघ से इन आरोपों पर 72 घंटे में जवाब मांगा. लखनऊ में 18 जनवरी से होने वाले कैम्प को रद्द कर दिया गया.
– धरने पर बैठे पहलवानों को अन्य रेसलर्स का भी समर्थन मिला है.
– बृजभूषण शरण सिंह ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से फोन पर बात की.

विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा
विपक्ष ने इस मुद्दे पर केंद्र को घेरा है. कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने ट्वीट किया, सरकार अभिभावक होती है! लेकिन इतने गंभीर मामले में अबतक हरियाणा सरकार की चुप्पी हैरान व परेशान करने वाली है. देश का नाम रोशन करने वाले ये खिलाड़ी हमारी माटी के लाल हैं। BJP-JJP सरकार इनके साथ इतना घोर अन्याय होता देखकर कैसे चुप रह सकती है?

आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने ट्वीट कर कहा, कुश्ती संघ के कार्यशैली और अध्यक्ष के विरुद्ध संगीन आरोप हैं. खिलाड़ी जोखिम लेकर सामने आए और खुल कर बता रहे हैं कैसे उनका शोषण हो रहा है. कई बार ऐसा हुआ है जब बीजेपी के नेता पर आरोप लगते हैं, तो सरकारी दबाव डाल मामला रफा दफा किया जाता है. लेकिन युवा इस बार नहीं होने देंगे!

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट किया, हद कर दी है इन भाजपाइयों ने. महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह पर खिलाड़ियों और महिला कोच पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. बेटियां भाजपा से बचानी हैं. PM मोदी और महिला विकास मंत्री स्मृति ईरानी से कुछ बोलने की अपेक्षा करना बेकार है.

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा, यौन शोषण का आरोप गंभीर है. महिला पहलवानों ने सीधे भारतीय कुश्ती फेडरेशन पर आरोप लगाया है. ये खिलाड़ी देश के गौरव हैं. फेडरेशन के अध्यक्ष बीजेपी के सांसद हैं. उन्होंने आरोपों से इंकार किया और इसे एक साजिश बताया. सच क्या है, देश को जानने को हक है. क्या खेल संगठन इतना नीचे गिर गए हैं?

Latest articles

प्रशिक्षण से व्यक्तित्व का उत्कर्ष, राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : राज्यमंत्री श्रीमती गौर

प्रशिक्षण अभियान सशक्त भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी है: प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल भोपाल:...

भोपाल में सूखे कचरे से बनेगा कोयला, आदमपुर छावनी में 220 करोड़ का चारकोल प्लांट शुरू

भोपाल राजधानी में अब सूखे कचरे से कोयला तैयार किया जाएगा। इसके लिए आदमपुर छावनी...

भंडारा खाकर लौट रहे युवक को बस ने कुचला, मौके पर मौत

भोपाल राजधानी के एमपी नगर इलाके में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गायत्री...

एम्स भोपाल में जल्द शुरू होगी लंग ट्रांसप्लांट सुविधा, मरीजों को दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा

भोपाल एम्स भोपाल में जल्द ही फेफड़ा प्रत्यारोपण (लंग ट्रांसप्लांट) की सुविधा शुरू होने जा...

More like this

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...