केपटाउन
पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने सात विकेट से शानदार जीत हासिल की है. 150 रनों के टारगेट को भारत ने 6 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. भारत के लिए जेमिमा रोड्रिगेज ने नाबाद 53 बनाए. वहीं ऋचा घोष भी 31 रन पर नॉटआउट लौटीं. इस जीत के साथ ही भारत ने एशिया कप में मिली हार का बदला भी ले लिया.
भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया है. 151 रनों के टारगेट को भारत ने 6 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. भारतीय टीम एक समय तीन विकेट खोकर संकट में थीं लेकिन जेमिमा और ऋचा ने धांसू बैटिंग करके भारत को जीत दिला दी. ऋचा और जेमिमा ने 58 रनों की नाबाद पार्टनरशिप की. जेमिमा ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए, जिसमें आठ चौके शामिल थे. वहीं ऋचा घोष ने 20 गेंदों की पारी में पांच चौके जड़े. ऋचा ने 31 रन बनाए.
बेकार गई पाकिस्तानी कप्तान की पारी
पाकिस्तान की पारी बिस्माह और आयशा के इर्द गिर्द घूमती रही। कप्तान बिस्माह मरूफ (नाबाद 68 रन) के अर्धशतक और आयशा नसीम (नाबाद 43 रन) के साथ उनकी पांचवें विकेट के लिए 81 रन की अटूट साझेदारी की थी। इन दोनों ने महज 47 गेंद में यह साझेदारी बनाई। बिस्माह ने 55 गेंद का सामना करते हुए अपनी नाबाद पारी में सात चौके जड़े। भारत के लिए राधा यादव सबसे सफल गेंदबाज रहीं, उन्होंने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट झटके। दीप्ति शर्मा ने भारत को पहली सफलता जावेरिया खान (08 रन) को आउट कर दिलाई, जिन्होंने स्वीप करने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का किनारा चूमकर हमरनप्रीत कौर के हाथों में समां गई। आयशा ने महज 25 गेंद में 172 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 43 बनाये जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं।
