भोपाल।
सुश्री आरती भटनागर को भेल के बोर्ड में अंशकालिक आधिकारिक निदेशक के रूप में शामिल किया गया है। वह 1990 बैच की भारतीय रक्षा लेखा सेवा की सिविल सेवक हैं। वह वर्तमान में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, भारी उद्योग मंत्रालय और एमएसएमई मंत्रालय के रूप में कार्यरत हैं। सुश्री भटनागर के पास मद्रास विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर डिग्री और रक्षा सामरिक अध्ययन में एम फिल है। सुश्री भटनागर नेशनल डिफेंस कॉलेज की पूर्व छात्रा हैं। रक्षा बलों के वित्त, लेखा और लेखा परीक्षा से निपटने के लगभग 25 वर्षों के अनुभव के साथ, उनकी विशेषज्ञता रक्षा अधिग्रहण और खरीद अनुबंधों को संभालने में है। सुश्री भटनागर ने संयुक्त सचिव (सुरक्षा), कैबिनेट सचिवालय के रूप में एसपीजी को पांच साल तक संभालते हुए काम किया है। उन्होंने एयर इंडिया, पवन हंस लिमिटेड और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में भी काम किया है।
ब्लॉक नंबर 2 की समस्याओं को लेकर बैठक
भोपाल।शुक्रवार को हेवु बीएमएस कार्यालय जुमड़े भवन में ब्लांक नंबर 2 की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई जिसमें कार्यकर्ताओं ने समस्या के साथ सुझाव भी दिये । कर्मचारियों ने बताया कि ब्लाक नंबर 2 में वाटर कूलरों की सफाई कई दिनों से नहीं हुई है उसका पानी पीने योग्य नहीं है । वहीं पीने के पानी की टंकिया कई सालों से साफ नहीं हुई है । पूरे ब्लॉक में खुले रूप से पेंट किया जाता है । इसके बाद भी कर्मचारी और बीएमएस के कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने में जुटे हुए हैं गंदे शौचालय की हालत देखने योग्य है।
अध्यक्ष विजय सिंह कठैत ने कहा की कारखाना है तो हम हैं इसलिये हम सबको मिलजुल कर उत्पादन लक्ष्य को पूरा करना होगा साथ ही इन समस्याओं के लिए और प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराना होगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने अवगत कराया कि टाउनशिप की हालत बड़ी नाजुक है कई दिनों से पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा फिर भी कर्मचारी 8 घंटे कार्य करने के पश्चात पानी की चिंता करते हुए नगर प्रशासन में जाकर गुहार लगा रहा है ।
