नई दिल्ली
अडानी ग्रुप इस हफ्ते रोड शोकरने वाला है। जी हां, आप सही सुन रहे हैं। कुछ एशियाई देशों में अडानी ग्रुप इस हफ्ते फिक्स्ड-इनकम इन्वेस्टर रोड शो करेगा। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट से यह बात पता चली है। अरबपति गौतम अडानी का ग्रुप 27 फरवरी यानी सोमवार को सिंगापुर में रोड शो करेगा। इसके बाद 28 से एक मार्च तक हांगकांग में रोड शो होगा। मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने यह जानकारी दी है। यूएस शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने 24 जनवरी को अडानी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी की थी। इसके बाद से ही अडानी ग्रुप के शेयर औंधे मुंह गिरने लगे। रिपोर्ट में अडानी की कंपनियों को 85 फीसदी ओवरवैल्यूड बताया गया था। साथ ही अडानी पर शेयरों में हेरफेर के आरोप भी लगाए गए थे। रिपोर्ट के बाद निवेशकों ने इस कदर बिकवाली की है, जिससे ग्रुप की कंपनियों का मार्केट कैप आधे से कम रह गया है।
निवेशकों को रिझाने की कोशिश
अडानी ग्रुप ये रोड शो निवेशकों को रिझाने के लिए कर रहा है। ग्रुप चाहता है कि उसके शेयरों में लोगों का भरोसा फिर से पैदा हो। बार्कलेज पीएलसी, बीएनपी परिबा एसए, डीबीएस बैंक लिमिटेड, डॉयचे बैंक एजी, अमीरात एनबीडी कैपिटल, आईएनजी, आईएमआई-इंटेसा सानपोलो एसपीए, एमयूएफजी, मिजुहो, एसएमबीसी निक्को और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने रोड शो के लिए संभावित इन्वेस्टर्स को इनविटेशन भेजा है।
सिंगापुर और हांगकांग क्यों हैं अहम?
सिंगापुर और मॉरीशस जैसे देश टैक्स हैवन देश माने जाते हैं। इन देशों की कई कंपनियां अडानी ग्रुप के शेयरों में निवश करती आई हैं। यहां से अडानी के शेयरों के भाव को सपोर्ट मिलता है। अडानी ग्रुप इन निवेशकों का भरोसा फिर से जीतना चाहता है। इसके लिए यह ग्रुप दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में रोड शो आयोजित कर रहा है।
80% तक गिरे अडानी ग्रुप के शेयर
हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से एक महीने में अडानी ग्रुप के शेयर 80% तक गिर गए हैं। सबसे ज्यादा गिरावट अडानी टोटल, अडानी ट्रांसमिशन और अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में आई। इन शेयरों में लगातार लोअर सर्किट लगा है। इससे 80 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली है।
