बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। 2023 TIME100 का पोल शाहरुख खान ने जीत लिया है, औप TIME 100 की लिस्ट में सबसे प्रभावशाली शख्सियत बन गए हैं। यह पाठकों के वोट पर आधारित था और सबसे ज्यादा वोट शाहरुख खान को मिले।इस पोल में कई बड़े सितारे शामिल थे। मिशेल योह, एथलीट सेरेना विलियम्स, मेटा सीईओ मार्क जुकरबर्ग और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला डा सिल्वा जैसे कई बड़ी हस्तियों को पछाड़कर शाहरुख खान ने ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
शाहरुख खान भारत के सबसे मशहूर एक्टर हैं और एक अंतरराष्ट्रीय आइकन भी हैं। शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक भी हैं। शाहरुख खान ने दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और कुछ कुछ होता है जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अभिनय करके बॉलीवुड के पसंदीदा रोमांटिक हीरो के रूप में अपनी पहचान बनाई। शाहरुख खान की हालिया फिल्म पठान थी, जो जनवरी में रिलीज़ हुई, यह अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है, जिसने दुनिया भर में लगभग $130 मिलियन की कमाई की है।
वहीं टाइम 100 की लिस्ट की बात की जाए तो दूसरे स्थान पर 22 वर्षीय महसा अमिनी हैं। तीसरा और चौथा स्थान ससेक्स के ड्यूक और डचेस प्रिंस हैरी और मेघन को मिला। पांचवां स्थान फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी को मिला। अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने 2022 में अपना पहला विश्व कप खिताब जीता। टाइम के संपादक 13 अप्रैल को 2023 टाइम100 सूची के लिए अपनी पसंद का खुलासा करेंगे।
