बालासोर
ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. यहां बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841) और मालगाड़ी आपस में टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतरी. ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी पर चढ़ गए. जानकारी के मुताबिक कोरोमंडल की 4 बोगियां पटरी से उतर गई हैं. कई लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है. वहीं 179 लोगों के जख्मी होने सूचना सामने आई है. हादसा शाम करीब 6:51 बजे हुआ. वहीं कई यात्रियों के ट्रेन के पलटे डिब्बों में फंसे होने की बात सामने आ रही है. फिलहाल इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है. इसके अलावा 32 लोगों की एनडीआरएफ की एक और टीम रेस्क्यू के लिए भेज दी गई है.
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने जानकारी दी कि हादसे वाली जगह पर तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. वहीं बालासोर कलेक्टर को भी सभी जरूरी व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को भी सूचना दे दी गई है. इसके अलावा ट्रैक को खाली कराने का भी काम शुरू कर दिया गया है. डीजीपी फायर सर्विसेज डॉ. सुधांशु सारंगी भी दुर्घटनास्थल के लिए मुख्यालय से रवाना हो चुके हैं. वहीं राज्य सरकार बचाव कार्यों के लिए मौके पर जनरेटर और रोशनी की व्यवस्था कर रही है. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री प्रमिला मल्लिक और विशेष राहत आयुक्त को दुर्घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने का निर्देश दिया.
हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए
– इमरजेंसी कंट्रोल रूम: 6782262286
– हावड़ा: 033-26382217
– खड़गपुर: 8972073925, 9332392339
– बालासोर: 8249591559, 7978418322
– कोलकाता शालीमार: 9903370746
– रेलमदद: 044- 2535 4771
– चेन्नई सेंट्रल रेलवे: 044- 25330952, 044-25330953 और 044-25354771
हादसे को लेकर ममता ने किया ट्वीट
हादसे को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने ट्वीट किया. उन्होंने लिखा- यह जानकर हैरानी हुई कि पश्चिम बंगाल से यात्रियों को ले जा रही शालीमार-कोरोमंडल एक्सप्रेस आज शाम बालासोर के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई और बाहर जाने वाले हमारे कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हम अपने लोगों की भलाई के लिए ओडिशा सरकार और दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ समन्वय कर रहे हैं. हमारे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को तुरंत 033- 22143526/22535185 नंबर के साथ सक्रिय कर दिया गया है. बचाव, और सहायता के लिए सभी प्रयास शुरू कर दिए गए हैं.
हम ओडिशा सरकार और रेलवे अधिकारियों के साथ सहयोग करने और बचाव कार्यों में सहायता के लिए 5-6 सदस्यों की एक टीम मौके पर भेज रहे हैं. मैं मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यक्तिगत रूप से लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हूं.
15 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं
एडिशनल डीएमईटी ने बताया- हमने 15 एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेज दिया है. घायलों को सोरो सीएचसी में शिफ्ट करना शुरू कर दिया गया है. कुछ को बेहतर इलाज के लिए रिफर भी किया जा सकता है. बालासोर मेडिकल कॉलेज में 10 यात्रियों को भर्ती कराया गया है. जानकारी के मुताबिक हादसे में जख्मी 132 यात्रियों को सोरो सीएचसी, गोपालपुर सीएचसी और खांटापाड़ा पीएचसी में भर्ती करा दिया गया है.
तो क्या इस वजह से हुआ हादसा
प्राथमिक सूचना के मुताबिक कोरोमंडल एक्सप्रेस का इंजन मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया है, जिससे पता चलता है कि ट्रेन की रफ्तार काफी ज्यादा थी. ट्रेन हादसे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है लेकिन एक ही लाइन पर दोनों ट्रेनें आ गई थी. अब इसमें गलती किसकी है, इसकी छानबीन की जा रही है.
