भोपाल।
राजधानी के भेल क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या अब आम होती जा रही है। भेल प्रशासन और नगर निगम प्रशासन की अनदेखी से अतिक्रमण माफियाओं की हिम्मत बढ़ती जा रही है। मामला क्षेत्र के रायसेन रोड के आनंद नगर इलाके का है। यहां फुटपाथ पर लग रही दुकानों से शासकीय स्कूल आनंद नगर का रास्ता भी अवरूद्ध हो गया है। ऐसे में बच्चे फुटपाथ छोड़ सड़क पर चलने को मजबूर हैं, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
खास बात यह है कि इसी सड़क पर चंद कदमों पर पुलिस चौकी की लाइन में पांच साल पहले बनाए गए फुटपाथ को अतिक्रमणकारियों ने खत्म ही कर दिया है। अब पैदल चलने वाले राहगिरों के लिए फुटपाथ ही नहीं बचा है। हालात तो यह है कि अब पक्की दुकानों के साथ-साथ चाय, सब्जी हॉकर्स कॉर्नर के साथ मटके बेचनेवालों ने पूरे फुटपाथ ही कब्जा जमा लिया है। इस संबंध में नगर निगम में शिकायत भी कि लेकिन आज तक इस पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
असमाजिक तत्वों का जमावड़ा
शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा ने बताया कि फल-सब्जी व हाकर्स कार्नर के साथ मटका बेचने वालों का फुटपाथ पर कब्जा है। इससे स्कूली बच्चों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसकी नगर निगम में कई बार शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। स्कूल के आसपास हाथ ठेले व पान की गुमठियों से असमाजिक तत्वों का दिनभर जमावड़ा लगा रहता है। आए दिन यहां आपराधिक घटनाएं हो रही हैं।
