अरब सागर में बने एक चक्रवाती तूफान ‘बिपरजोय’ ने मौसम विज्ञानियों की चिंता बढ़ा दी है। अगले 24 घंटों के भीतर इसके बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि बुधवार सुबह 5.30 बजे इसकी लोकेशन गोवा के पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में लगभग 890 किलोमीटर दूर थी। इसके उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। IMD ने कहा कि ईस्ट-सेंट्रल अरब सागर और आसपास के इलाकों में 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चक्रवात बिपरजोय के चलते, बुधवार शाम तक हवाओं की रफ्तार 125 किलोमीटर प्रति घंटा भी हो सकती है। उत्तरी केरल-कर्नाटक-गोवा के तटों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है।
मॉनसून पर कैसा असर डालेगा चक्रवात बिपरजोय
मौसम विभाग ने कहा कि अरब सागर में चक्रवात बिपरजोय के बनने और इसके संभावित रूट से केरल में मॉनसून की आमद पर असर हो सकता है। मॉनसून पहुंचने में दो-तीन की देरी हो सकती है। उत्तरी हिंद महासागर में तीन हफ्तों के भीतर यह दूसरा साइक्लोन बना है। इससे पहले बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन ‘मोका’ बना था जिसने बांग्लादेश और म्यांमार में कहर बरपाया।
दिल्ली में आगे मौसम का हाल जानिए
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आसमान साफ रहेगा। दोपहर या शाम तक हल्के बादल छा सकते हैं। गुरुवार से धूप परेशान करेगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। 9 जून से दिन के वक्त तेज और गर्म हवाएं चलेंगी। लू की स्थितियां बनने के आसार हैं। हालांकि, अभी तक IMD ने ऐसी कोई चेतावनी नहीं जारी की है। 12 जून तक मैक्स तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
