बेंगलुरु
सैफ चैंपियनशिप 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमें इस मैच के लिए बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में उतरी है। मुकाबले के शुरुआत से भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा बना लिया और पहले हाफ में 2-0 की दमदार बढ़त बना ली, लेकिन इसी दौरान मैच में कुछ ऐसा जिससे पूरा माहौल गर्म हो गया।
दरअसल मैच के 45वें मिनट में पाकिस्तान प्लेयर और भारत के कोच इगोर स्टिमिक के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी भी एक दूसरे के आमने सामने आ गए जिसके कारण कुछ देर के खेल को रोकना पड़ा। हालांकि काफी मशक्कत के बाद रेफरी ने दोनों पक्षों को एक दूसरे से अलग किया।
क्या था पूरा मामला?
मैच के 45वें मिनट में भारतीय कोच की भिड़ंत पाकिस्तान खिलाड़ी से हो गई। पाकिस्तानी खिलाड़ी जब थ्रो इन ले रहा था, तभी भारतीय कोच इगोर स्टिमिक ने गेंद को हाथ मार दिया। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाड़ी और स्टिमिक के बीच बहस हो गई। फिर भारतीय खिलाड़ी भी आ गए और काफी धक्का मुक्की हुई।
मामला शांत होने के बाद मैच रेफरी ने भारतीय कोच को रेड कार्ड दिया। वहीं पाकिस्तान कोच को येलो कार्ड दिया गया। इसके साथ ही भारत के डिफेंडर संदेश झिंगन और पाकिस्तान के मिड फील्डर राहिस नबी को भी येलो कार्ड दिखाया गया।
