लंदन
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया बीच एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत हो चुकी है। मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। मेजबान इंग्लैंड की टीम ने मैच में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया। खेल के शुरू हुए अभी दो ओवर ही हुए थे कि अचानक मैदान पर अफरा तफरी सी मच गई। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता मैदान पर कुछ लोग हाथ में लाल पाउडर लिए आ धमके।
इस दौरान इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो ने मैदान पर घुसने वाले एक लड़के को अपने गोद में उठाकर बाहर लेकर चले गए। बेयरस्टो का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अश्विन के इस वीडियो पर भारत के सीनियर स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी रिएक्ट किया है। अश्विन ने बेयरस्टो के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘अच्छी शुरुआत हुई है। बेयरस्टो ने पहले अपना हेवी लिफ्टिंग का काम कर लिया।’ अश्विन के यह ट्वीट मजाकिया लहजे में किया है और लोग इसे खूब पसंद भी कर रहे हैं।
क्या था पूरा मामला?
मैच के दौरान जो लोग मैदान पर घुसे थे वह जस्ट स्टॉप ऑयल के समूह से जुड़े हैं। यह एक पर्यावरण समूह है। यह समूह पर्यावरण को बचाने के लिए ब्रिटिश सरकार को नए तेल लाइसेंस को जारी करने का विरोध करता है। इस समूह की स्थापना फरवरी 2022 में हुई थी और इसने अप्रैल 2022 में अंग्रेजी तेल टर्मिनलों पर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। समूह की उनके विरोध प्रदर्शन करने के तरीकों के लिए आलोचना होती रही है।
लॉर्ड्स में मैच के दौरान उनके मैदान पर आने से खेल को कुछ देर के लिए रोकना पड़ गया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत प्रदर्शनकारियों को स्टेडियम से बाहर कर लिया। इस दौरान उन्होंने अपने साथ जो लाल पाउडर को लाया था वह उसे मैदान पर छिड़कते हुए देखे गए।
