लीड्स
इंग्लैंड के अहम बल्लेबाज जो रूट दिन की दूसरी गेंद पर और जॉनी बेयरस्टो के शुरुआती आधे घंटे में आउट होने से ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक मेजबान टीम के 142 रन तक सात विकेट झटक लिए थे। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 263 रन बनाये थे, जिससे इंग्लैंड 121 रन पीछे चल रही थी। मोईन अली (21 रन) और क्रिस वोक्स (10 रन) भी लंच के पहले आउट हो गए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया बड़ी बढ़त लेने के सपने देखने लगा था लेकिन फिर जो हुआ उसी को बैजबॉल कहते हैं।
10.2 ओवर में ठोके 95 रन
दूसरे सेशन की पहली गेंद से इंग्लैंड ने अटैक करना शुरू कर दिया। मार्क वुड ने क्रीज पर आते ही पहली गेंद पर छक्का मारा। मिचेल स्टार्क के खिलाफ अगले गेंद पर उन्होंने चौका और फिर छक्का जड़ दिया। अगले ओवर में पैट कमिंस को छक्का मारने के बाद मार्क वुड आउट हो गए। उन्होंने 8 गेंदों पर 24 रन बनाए।
फिर दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे कप्तान बेन स्टोक्स ने हाथ खोलने शुरू किए। स्टार्क के खिलाफ उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर 3 चौके मारे। स्टुअर्ट ब्रॉड (7) के आउट होने के बाद स्टोक्स ने लगातार दो गेंदों पर दो छक्के मारकर अपनी फिफ्टी पूरी की। वो इसके बाद भी नहीं रुके। दो ओवर बाद मर्फी की लगातार दो गेंदों पर फिर दो छक्के मारे और टेस्ट में अपने 6 हजार रन पूरे कर लिए।
ऑस्ट्रेलिया को 26 रनों की बढ़त
5 छक्के और 6 चौकों की मदद से 80 रन बनाने के बाद बेन स्टोक्स आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। टॉड मर्फी ने उनका शिकार किया। इंग्लैंड की पारी 237 रनों पर सिमटी। ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी के आधार पर सिर्फ 26 रनों की बढ़त मिली। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 91 रन देकर 6 विकेट लिए। मिचेल स्टार्क को दो जबकि मार्श और मर्फी को 1-1 विकेट मिला।
