10.2 C
London
Saturday, March 14, 2026
Homeखेलअश्विन की आंधी में उड़ी वेस्टइंडीज, पहले दिन बने कई रिकॉर्ड, रोहित-यशस्वी...

अश्विन की आंधी में उड़ी वेस्टइंडीज, पहले दिन बने कई रिकॉर्ड, रोहित-यशस्वी भी चमके

Published on

डोमिनिका,

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम ने डोमिनिका टेस्ट मैच में पहले ही दिन धमाकेदार प्रदर्शन किया है. दो टेस्ट मैचों की सीरीज के इस पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने शिकंजा कस लिया है. इसका बड़ा कारण स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन रहे, जिन्होंने पहली पारी में 5 विकेट लेकर विंडीज टीम को अपनी आंधी में उड़ा दिया.

टीम इंडिया में ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल को टेस्ट में डेब्यू का मौका मिला. इन दोनों को ही विराट कोहली ने टेस्ट डेब्यू कैप सौंपी. दूसरी ओर वेस्टइंडीज टीम के लिए एलिक अथानाजे ने टेस्ट डेब्यू किया. बता दें कि मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ. पूरी टीम 150 रनों पर सिमट गई. पहली पारी में एलिक अथानाजे ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए. उन्होंने एक छक्का भी जमाया.

पहली पारी में भारतीय टीम अब सिर्फ 70 रन पीछे
विंडीज टीम के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने 20 रन बनाए. दोनों के अलावा कोई भी प्लेयर 20 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू सका. इस पहली पारी में अश्विन ने 60 रन देकर सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए. जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट अपने नाम किए. शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला.

इसके बाद बैटिंग में भारतीय टीम ने पहली पारी में तेज शुरुआत की. कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग में शुभमन गिल की जगह यशस्वी जायसवाल ने मोर्चा संभाला. पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने पहली पारी में बगैर विकेट गंवाए 80 रन बना लिए हैं. टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा (30) और यशस्वी जायसवाल (40) नाबाद हैं. दूसरे दिन दोनों प्लेयर ही खेल की शुरुआत करेंगे. टीम इंडिया पहली पारी में अब सिर्फ 70 रन पीछे ही है.

अश्विन ने बनाया ये अनोखा और ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय स्टार स्पिनर अश्विन ने 5 विकेट लेकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. पहला तो ये है कि ऑफ स्पिनर अश्विन टेस्ट मैचों में पिता और बेटे दोनों को ही आउट करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. दरअसल, अश्विन ने अपनी फिरकी के जाल में फंसाकर ओपनर तेजनारायण चंद्रपॉल को क्लीन बोल्ड किया था.

तेजनारायण के पिता वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज शिवनारायण चंद्रपॉल हैं. अश्विन ने शिवनारायण को भी 4 बार आउट किया है. इस तरह ऑफ स्पिनर अश्विन किसी विपक्षी टीम के पिता और बेटे दोनों को आउट करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं.

700 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बने अश्विन
दूसरा है कि अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में 95वीं बार किसी बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड किया. उन्होंने अनिल कुंबले (94) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. साथ ही अश्विन ने अपने 700 इंटरनेशनल विकेट भी पूरे कर लिए हैं. वो यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. इस मामले में पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले टॉप पर हैं, जिन्होंने 956 इंटरनेशनल विकेट लिए. जबकि दूसरे नंबर पर काबिज हरभजन सिंह के नाम 711 विकेट हैं.

वेस्टइंडीज की जमीन पर भारतीय टीम का दबदबा
कैरेबियाई धरती पर खेली गई पिछली चार टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को जीत हासिल हुई है. वेस्टइंडीज ने आखिरी बार अपने घर में टीम इंडिया के खिलाफ 2002 में टेस्ट सीरीज जीती थी. उसके बाद से भारत का पूरी तरह दबदबा रहा है. देखा जाए तो वेस्टइंडीज की टीम अपने घर में 21 सालों से भारत के खिलाफ एक भी टेस्ट नहीं जीत पाई है.

कुल मिलाकर टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 98 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसे 22 में जीत और 30 में हार मिली, जबकि 46 मैच ड्रॉ रहे. वेस्टइंडीज की धरती पर भारत ने 51 टेस्ट मैचों में 16 में जीत हासिल की, वहीं नौ में हार का सामना करना पड़ा. कुल मिलाकर 21वीं सदी में भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ दो टेस्ट मैच हारा है.

Latest articles

बीएचईएल थ्रिफ्ट सोसायटी की बैठक: सदस्यों को मिलेगा 6.25% ब्याज, उपहार में एक्सरसाइज बाइक देने पर विचार

भेल, भोपाल। बी.एच.ई.एल. थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड, पिपलानी, भोपाल की प्रबंधकारिणी समिति की...

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

बीएचएल (BHEL) की जमीन पर बड़े उद्योगपति की नजर, नियमों में बदलाव की सुगबुगाहट

भेल, भोपाल। भोपाल से खबर है कि देश के दूसरे सबसे बड़े उद्योगपति की शहर...

बैरसिया तहसील में एसडीएम ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने ग्रामीण वितरक एजेंसियों  का निरीक्षण किया

कलेक्टर  कौशलेंद्र विक्रम  सिंह के निर्देशानुसार घरेलू एलपीजी गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने...

More like this

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...

टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीता

अहमदाबाद। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से...