– सीनियर डीजीएम से जीएम की प्रमोशन लिस्ट का इंतजार
भोपाल
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) महारत्न कंपनी के जून-2023 से प्रमोशन का इंतजार कर रहे अफसरों के लिए खुशी की खबर है। सावन सोमवार को दिल्ली कारपोरेट आफिस ने सभी यूनिटों के लिए प्रमोशन की बहार कर दी। करीब 2000 से ज्यादा इंजीनियर से लेकर उप महाप्रबंधक स्तर के अफसरों को ताबड़तोड़ प्रमोशन दे डाला। साफ जाहिर है कि इस प्रमोशन के पीछे शीर्ष प्रबंधन की मंशा है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में कंपनी बेहतर प्रोडक्शन और प्राफिट पाने में सफल हो जाए इसीलिए बेहतर परफार्र्मेंस वाले अफसरों को अन्य यूनिट और साइडों पर ट्रांसफर भी किया गया।
खास बात यह है कि जून 2023 से साक्षात्कार देकर बैठे सीनियर डीजीएम से जीएम स्तर के अधिकारियों को भी प्रमोशन लिस्ट का आज भी इंतजार है। कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल भी देखा गया। जिन अफसरों को प्रमोशन नहीं मिल पाया वह काफी दुखी दिखाई दिए। एक दूसरे को सिफारिश की बात करते हुए भी देखा गया। बीएचईएल, भोपाल यूनिट की बात करें तो मानव संसाधन विभाग द्वारा आज पर्यवेक्षकों तथा कार्यपालकों के विभिन्न ग्रेडों की पदोन्नति सूची जारी की गई ।
पदोन्नत पर्यवेक्षकों तथा कार्यपालकों के विभिन्न ग्रेडों में पर्यवेक्षक से कार्यपालक (ई1) एवं पर्यवेक्षक (एसए3ए/एसबी3ए) से पर्यवेक्षक (एसए4/एसबी4) 56,एसए3ए/एसबी3ए से एसए4/एसबी4 वर्ग में 66, ई1 से ई2 31 , ई2 से ई3 17, ई3 से ई4 88, ई4 से ई5 62 , ई5 से ई6 12, को प्रमोशन दिया गया है। कुल मिलाकर भोपाल यूनिट के 332 अफसर प्रमोशन पाने में सफल हो गए है।
