भोपाल
स्वागत, सत्कार के बाद प्रोडक्शन की जानकारी फिर नेताओं से मुलाकात करने जुट गए हैं बीएचईएल के नए मुखिया राजीव सिंह। उन्होंने अल्प समय में ही ब्लॉकों का दौरा कर मंगलवार को भेल के ट्रेड यूनियन नेताओं की बैठक ले डाली। पहले बीएमएस बाद में एचएमएस, सीटू और इंटक के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर डाली। साफ जाहिर है कि वह पूरे तालमेल के साथ कारखाने को चलाना चाहते है। उन्होंने एचएमएस के महामंत्री अमर सिंह राठौर को पूरा भरोसा दिलाया है कि स्थानीय समस्याओं को वह हर हाल में पूरा करेेंगे जबकि कारपोरेट स्तर के मांगों को एमसीएम की बैठक में पहुंचाने की जवाबदारी भी स्थानीय प्रबंधन की रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कारखाने में मटेरियल की कमी को पूरा करने का प्रयास रहेगा। इससे प्रोडक्शन को गति मिलेगी।
उन्होंने यूनियन प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि यदि कंपनी प्राफिट में आई तो अगले साल बोनस मिलने में देरी नहीं होगी। खास बात यह है कि जो यूनियनें स्थानीय कमेटियों में सदस्यों की संख्या बढ़ाने की पक्षधर है इसका विरोध एचएमएस यूनियन ने किया। एचएमएस ने रिवार्ड स्कीम, भेल कस्तूरबा अस्पताल मेें विशेषज्ञ चिकित्सक तथा भेल में अनुकंपा नियुक्ति के मामले को प्रमुखता से उठाया। साथ ही सीटू और इंटक के प्रतिनिधियों ने भी मुलाकात कर अपनी बातें रखीं।
