-कारखाने में ज्ञानार्जन सप्ताह का आयोजन
भोपाल
बीएचईएल में सात दिवसीय ज्ञानार्जन सप्ताह का आयोजन किया गया विषय था निष्पादन ही कुंजी इस शीर्षक से आयोजित कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यपालक निदेशक राजीव सिंह, महाप्रबंधक (मा.सं. एवं एलजीएक्स) अविनाश चंद्रा , डॉ. रोनाल्ड फर्नांडीज, सीईओ एआईसी आरएनटीयू एवं श्रीमती स्वागता सक्सेना, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एचआरडीसी) सहित सभी महाप्रबंधकगण एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।
अपने उदबोधन में श्री सिंह ने कहा कि हमें निरंतर सीखते रहना होगा और तभी हम बाजार में प्रतिस्पर्धा में सफल हो सकते हैं । उन्होंने ज्ञानार्जन सप्ताह के विषय वस्तु की सराहना करते हुए कर्मचारियों से कहा कि वे अपने कार्य के अलावा व्यापारिक वातावरण पर भी नजर बनाए रखें । उन्होंने निरंतर सुधार पर बल दिया। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए डॉ. रोनाल्ड फर्नांडीज, सीईओ एआईसी आरएनटीयू ने इनक्यूबेशन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की ।
इसके विभिन्न चरणों, सरकारी पहलों, निष्पादन में चुनौतियों और संभावित समाधानों पर प्रकाश डालते हुए अनुसंधान, डेटा, क्षेत्र अध्ययन और टीम के साथ संचार के प्रभाव पर भी चर्चा की । इस अवसर पर श्री अविनाश चन्द्रा, महाप्रबंधक (मा.सं. एवं एलजीएक्स) ने आयोजन में डॉ. रोनाल्ड फर्नांडीज के बहुमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उमेश कुमार सावले, प्रबंधक एवं मो. अतीक खान, उप अभियंता (एचआरडी) द्वारा किया गया ।
