मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय का हुआ सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भोपाल। जूनियर एग्जीक्यूटिव क्लब द्वारा क्लब प्रांगण में 60वां वार्षिक सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष व महाप्रबंधक एसके महाजन ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक टीयू सिंह एवं महासचिव आरके खरे भी मंच पर विशेष रूप से आसीन रहे।
सम्मेलन के दौरान अतिथियों द्वारा क्लब की वार्षिक स्मारिका पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही क्लब द्वारा आयोजित विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। वार्षिक सम्मेलन में क्लब सदस्यों और उनके परिवारों द्वारा रंगारंग नृत्य व संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं, ‘सुरभि म्यूजिक ग्रुप’ के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सुरीले गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में क्लब अध्यक्ष एसके महाजन, महासचिव आरके खरे एवं कमेटी सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर अभिमन्यु पांडे, राम बहादुर, रजनीकांत चौबे, आरपी सिंह, श्रीमती निशा वर्मा, रमेश सिंह, मोहन सेन, एसके गोहला, संजय मालवीय, सौरभ अग्रहरि सहित क्लब के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव आरके खरे द्वारा सभी अतिथियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिसके बाद सभी उपस्थित जनों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया।
