कोलंबो,
भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच रविवार (17 सितंबर) को एशिया कप 2023 का फाइनल मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया, जो थोड़ी देर में ही गलत साबित हो गया. भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के आगे श्रीलंका की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई.
दरअसल, श्रीलंकाई टीम के लिए ओपनिंग में पथुम निसंका और कुसल परेरा ने मोर्चा संभाला था. जबकि पहला ओवर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने किया था. बुमराह ने पहले ही ओवर की तीसरी बॉल पर कुसल परेरा को अपना शिकार बनाया.
इसके बाद श्रीलंका ने थोड़ा संभलने की कोशिश की और 3 ओवर में 1 विकेट पर 8 रन बना लिए थे. मगर यहां से अगला यानी पारी का चौथा ओवर लेकर आए सिराज ने पूरी कहानी ही बदल दी. उन्होंने इस ओवर की 6 गेंदों पर 4 रन देकर 4 बड़े विकेट लिए और श्रीलंका की आधी टीम को समेट दिया.
W . W W 4 W! 🥵
Is there any stopping @mdsirajofficial?! 🤯The #TeamIndia bowlers are breathing 🔥
4️⃣ wickets in the over! A comeback on the cards for #SriLanka?Tune-in to #AsiaCupOnStar, LIVE NOW on Star Sports Network#INDvSL #Cricket pic.twitter.com/Lr7jWYzUnR
— Star Sports (@StarSportsIndia) September 17, 2023
पारी के चौथे ओवर में सिराज ने इस तरह विकेट लिए…
– सिराज ने पहली बॉल पर पथुम निसंका को जडेजा के हाथों कैच आउट कराया.
– सिराज की दूसरी बॉल पर सदीरा समरविक्रमा कोई रन नहीं बना सके.
– तीसरी बॉल पर सिराज ने सदीरा को LBW आउट किया. सदीरा खाता नहीं खोल सके.
– अगली यानी चौथी बॉल पर सिराज ने चरिथ असलांका को ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया.
– पांचवीं बॉल पर धनंजय डिसिल्वा ने चौका लगाकर आत्मविश्वास बढ़ाना चाहा.
– मगर ओवर की आखिरी बॉल पर सिराज ने डिसिल्वा को भी केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया.
सिराज ने वनडे में 50 विकेट पूरे किए
इसके बाद मोहम्मद सिराज ने पारी का छठा ओवर किया. इस ओवर में भी उन्होंने बड़ा विकेट झटका. सिराज ने श्रीलंकाई कप्तान दासुन सनाका को क्लीन बोल्ड किया. सिराज ने इस तूफानी गेंदबाजी के बदौलत इसी मैच में अपने वनडे में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं.
सिराज वनडे में शुरुआती 50 विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने सबसे तेज 1002 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की. इस रिकॉर्ड के मामले में श्रीलंका के ही अजंता मेंडिस टॉप पर काबिज हैं. उन्होंने अपने वनडे करियर में 847 गेंदों पर शुरुआती 50 विकेट झटक लिए हैं.
सिराज ऐसा करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बने
सिराज ऐसे पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर में चार विकेट हासिल किए. साथ ही तेज गेंदबाज सिराज इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज पांच विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. सिराज ने 16 गेंदों में ही अपने पांच विकेट पूरे किए. सिराज ने दासुन शनाका को अपना पांचवां शिकार बनाया.
