भोपाल
पिपलानी स्थित इंटक कार्यालय के बुद्ध सभागार में मंगलवार को लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि मनाई गई। इस अवसर पर मध्य प्रदेश इंटक के अध्यक्ष आरडी त्रिपाठी ने कहा की दोनों ही देश के महान नेता थे सरदार बल्लभ भाई पटेल अगर लौह पुरुष थे तो श्रीमती इंदिरा गांधी आयरन लेडी थी। सरदार पटेल ने 565 रियासतों को एक कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया।सरदार पटेल जननायक थे। वही श्रीमती इंदिरा गांधी अमेरिका की धमकियों को नजर अंदाज करते हुए युद्ध में पाकिस्तान को धूल चटाई थी।
इंदिरा गांधी जी ने सिक्किम को देश में मर्ज कर इतिहास के साथ साथ भूगोल भी बनाया है। इंदिरा गांधी जी ने बैंको का राष्ट्रीकरण किया। कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूरो की दशा अत्यंत निंदनीय थी, इंदिरा गांधी जी ने कोल खदानों का राष्ट्रीकरण कर मजदूरों-श्रमिकों के शोषण को खत्म किया है। इंदिरा गांधी जी ने नेहरू जी की सोच को आगे बढ़ाते हुए पब्लिक सेक्टर के कारखानो का निर्माण किया है। इस मौके पर यूनियन के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
