भोपाल
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान चरम पर है। सत्ताधारी बीजेपी हो या फिर कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियां सभी फुल एक्शन मोड पर हैं। कैंडिडेट्स के नाम का ऐलान हो गया, नामांकन प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। अब इंतजार 17 नवंबर का है जब एमपी की जनता वोटिंग के लिए उतरेगी। फिर 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे। भले ही फाइनल नतीजों में अभी वक्त है लेकिन एमपी की जनता के मन में क्या है, इस बार वो बीजेपी या कांग्रेस में किस पर भरोसा जताएगी? हर कोई इस सवाल का जवाब जानना चाहता है। यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान अलग-अलग चैनलों के सर्वे सामने आए, जिसमें राज्य की जनता का मूड क्या है जानने के प्रयास हुए। चलिए बताते हैं एमपी के चार हालिया सर्वे के आंकड़े कैसे रहे।
4 में से 3 सर्वे में कांग्रेस आगे
एमपी को लेकर बीते एक महीने में अलग-अलग न्यूज चैनल और एजेंसी ने 4 चार सर्वे किए। जिसमें सबसे पहले आए तीन ओपिनियन पोल में कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिलती नजर आई। बीजेपी पिछड़ती दिखी तो कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनने के आसार नजर आ रहे थे। हालांकि, 17 नवंबर को वोटिंग है। इससे ठीक पहले 3 नवंबर को एक ओपिनियन पोल आया, जिसने कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी बजा दी। इस सर्वे के मुताबिक, एमपी में बीजेपी बड़ी बढ़त लेते हुए फिर सरकार बना सकती है।
एमपी के इस ताजा सर्वे ने सबको चौंकाया
ये सर्वे इंडिया टीवी-CNX ने किया है, जिसमें बीजेपी को 119 सीटें आने की बात कही गई है। उधर कांग्रेस दूसरे नंबर पर नजर आ रही। अन्य को भी 4 सीटें आ सकती हैं। इस तरह से सर्वे पर गौर करें तो मध्य प्रदेश में एक बार फिर बीजेपी की बहुमत वाली सरकार के आसार नजर आ रहे। हालांकि, इसी चैनल के 19 अक्टूबर को आए ओपिनियन पोल में बीजेपी को 115 सीटें तो कांग्रेस को 110 सीट का अनुमान जताया गया था। उस समय मुकाबला कांटे नजर आ रहा था। जिसमें अन्य के हिस्से 5 सीटें जाने का जिक्र था।
टाइम्स नाउ नवभारत के सर्वे में कांग्रेस को बढ़त
इंडिया टीवी के इस हालिया ओपिनियन पोल से पहले एक नवंबर को टाइम्स नाउ नवभारत का एक सर्वे सामने आया। टाइम्स नाउ नवभारत और ईटीजी के इस ओपिनियन पोल में एमपी की 230 सीटों में बीजेपी को 107 से 115 सीट की बात कही थी। वहीं कांग्रेस को 112 से 122 सीट का अनुमान जताया गया। अन्य के खाते में एक से 3 सीट आने के आसार जताए गए। इस तरह से टाइम्स नवभारत के सर्वे में बीजेपी पिछड़ती दिखी तो कांग्रेस आगे नजर आई।
एबीपी सी-वोटर के सर्वे में किसने मारी बाजी
अब बात अक्टूबर महीने में आए मध्य प्रदेश चुनाव के मद्देनजर आए एबीपी-सीवोटर सर्वे की। जिसमें कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती नजर आए। इस सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस को आगामी चुनाव में 113 से 125 सीटों का अनुमान जताया गया। वहीं बीजेपी को 104-116 सीटें मिलती नजर आ रही। अन्य के खाते में पांच सीट जाने का आसार लग रहा।
17 को वोटिंग तो 3 को आएंगे नतीजे
इस तरह से एमपी चुनाव में अब तक आए चार सर्वे में बीजेपी को सिर्फ 3 नवंबर को पेश किए गए इंडिया टीवी-CNX सर्वे में ही बढ़त दिख रही। अब देखना होगा कि शुरुआती तीन सर्वे सही साबित होते हैं या फिर इंडिया टीवी का नया ओपिनियन पोल सच निकलेगा। चर्चाओं और अटकलों का दौर चलता रहेगा लेकिन सभी को इंतजार 3 दिसंबर का रहेगा रिजल्ट आएगा।
