विशाखापत्तनम
विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में भारत के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कमाल कर दिया। जायसवाल की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। उन्होंने 22 साल की उम्र में जो कारनामा किया वो अच्छे-अच्छे खिलाड़ी नहीं कर पाते। दरअसल, जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए दमदार दोहरा शतक ठोका है। उन्होंने 277 गेंदों में यह डबल सेंचुरी लगाई है। वह 209 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं यशस्वी ने अपने इस दोहरे शतक से तमाम रिकॉर्ड भी धवस्त कर दिए हैं। आइये उनपर एक नजर डालते हैं।
भारत में टेस्ट में दोहरा शतक ठोकने वाले बने सबसे युवा ओपनर
यशस्वी जायसवाल भारतीय सरजमीं पर टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा सलामी ओपनर बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा 22 साल और 37 दिन में किया है।
भारत के लिए टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी
भारत के लिए टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में सबसे ऊपर विनोद कांबली के नाम है। उन्होंने 1993 में 21 साल और 35 दिन की उम्र में यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ किया था। जायसवाल का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। वह भारत की ओर से टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा प्लेयर बन गए हैं।
भारत के लिए टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले लेफ्टी बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल भारत के लिए टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा सौरव गांगुली, विनोद कांबली और गौतम गंभीर ने किया है।
भारत के लिए मेडिन 200 रन बनाने के लिए सबसे कम पारियां
भारत के लिए मेडिन 200 रन बनाने के लिए सबसे कम पारियां करुण नायर (3 पारियां) ने ली हैं। हालांकि अब इस लिस्ट में यशस्वी जायसवाल का नाम भी जुड़ गया है। यशस्वी ने अपना मेडिन दोहरा शतक 10 पारियों में जड़ा है। उनसे ऊपर चेतेश्वर पुजारा (9 पारियां), सुनील गावस्कर (8 पारियां), मयंक अग्रवाल (8 पारियां) और विनोद कांबली (4 पारियां) हैं।
सचिन-सहवाग की लिस्ट में हुए शामिल
भारत के लिए अब तक टेस्ट क्रिकेट में कुल 24 खिलाड़ियों ने दोहरा शतक लगाया है। इसमें दिग्गज वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा आदि खिलाड़ियों का नाम शामिल है। वहीं अब जायसवाल भारत के लिए टेस्ट में डबल सेंचुरी लगाने वाले 25वें खिलाड़ी बन गए हैं।
