नई दिल्ली
14 फरवरी को प्यार का दिन माना जाता है। पूरी दुनिया में इस दिन वैलेंटाइन डे मनाया जाता है। इसे प्यार का इजहार करने का सबसे अच्छा दिन माना जाता है। लेकिन भारत के लिए 2019 का वैलेंटाइन दिन काला दिन साबित हुआ था। जम्मू और कश्मीर का पुलवामा में इस दिन आंतकवादियों ने सीआरपीएफ काफिले पर हमला कर दिया था। इसमें 40 जवान शहीद हो गए थे।
टीम इंडिया ने दिखाया था सम्मान
भारतीय टीम ने शहीद सीआरपीएफ के जवानों के प्रति सम्मान दिखाया था। उसी हमले के कुछ दिन बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर आई थी। वनडे सीरीज का एक मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला गया था। इस मैच में विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय टीम सेना की विशेष कैप पहनकर मैदान पर उतरी थी। विराट कोहली ने कहा था कि यह कैप पुलवामा में शहीद हुए जवानों और उनके परिवार के प्रति सम्मान के लिए है।
एक करोड़ से ज्यादा किए डोनेट
भारतीय खिलाड़ियों ने कैप पहनने के साथ ही नेशनल डिफेंस फंड में एक करोड़ से ज्यादा रुपये डोनेट किए थे। टीम के सभी खिलाड़ियों ने अपनी उस मैच की मैच फीस डोनेट की थी। तब वनडे की प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों को मैच फीस के रूप में 8 लाख रुपये मिलते थे। वहीं बेंच पर बैठे 4 खिलाड़ियों को 4-4 लाख रुपये। इस तरह टीम इंडिया ने नेशनल डिफेंस फंड में 1.04 करोड़ रुपये डोनेट किए थे।
आईपीएल में नहीं हुई थी ओपनिंग सेरेमनी
इस साल आईपीएल में ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन भी नहीं हुआ था। बीसीसीआई ने आईपीएल उद्घाटन समारोह का सारा बजट आतंकी हमले में मारे गए जवानों के परिवारों के लिये देने का फैसला किया था। इसका बजट करीब 15 करोड़ रुपये थे। लेकिन बीसीसीआई ने हमले में शहीद हुए परिवारों की मदद के लिये आर्मी वेल्फेयर फंड में 20 करोड़ रुपये दान देने का फैसला किया था।
