धर्मशाला,
भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच गुरुवार (7 मार्च) से धर्मशाला में टेस्ट मैच खेला जाना है. 5 मैचों की इस टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने पहले ही 3-1 से कब्जा जमा लिया है. अब इंग्लैंड टीम के पास यह आखिरी मैच जीतकर सीरीज में लाज बचाने का ही मौका है.मगर इस मुकाबले से एक दिन पहले ही इंग्लैंड टीम के स्टार प्लेयर जॉनी बेयरस्टो ने पिच को लेकर एक विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि पिच को देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे इसे रणजी मैचों के लिए इस्तेमाल किया गया है.
‘रणजी ट्रॉफी में इस्तेमाल हुई पिच दिख रही’
यानी बेयरस्टो इशारों में यह कहना चाह रहे थे कि यह मुकाबला सेकंड हैंड पिच (इस्तेमाल की हुई) पर कराया जा रहा है. मगर अपने इसी बयान को कवर करते हुए बेयरस्टो ने अगली ही लाइन में पिच क्यूरेटर की तारीफ भी कर दी और कहा कि पिच ग्राउंड स्टाफ ने शानदार काम करते हुए इसे ठीक तरीके से तैयार किया है.
बता दें कि बेयरस्टो के करियर का यह 100वां टेस्ट मैच होने वाला है. इस मैच से एक दिन पहले बेयरस्टो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह पिछले महीने रणजी ट्रॉफी में इस्तेमाल हुई पिच दिख रही है… चलिए देखते हैं. मगर ग्राउंड स्टाफ ने पिच को लेकर शानदार काम किया है. इस चैलेंजिंग मौसम में उनका ये काम सराहनीय है.
100वें टेस्ट को लेकर बेयरस्टो ने कही ये बात
बेयरस्टो ने धर्मशाला के मैदान के आउटफील्ड की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘धर्मशाला मैदान के आउटफील्ड को लेकर भी शानदार काम किया गया है. यह अच्छा दिख रहा है. यह मैदान दुनिया के सबसे शानदार स्टेडियम में से एक है.’
बेयरस्टो ने अपने 100वें टेस्ट को लेकर कहा कि मेरे लिए ये काफी मायने रखता है. हर युवा जब क्रिकेट में कदम रखता है तो उसका सपना होता है कि वो अपने देश के लिए 100 टेस्ट खेले. मुझे आज भी 2012 में हुआ अपना डेब्यू याद है. मैंने लॉर्ड्स के मैदान पर डेब्यू किया था. 12 साल बाद मैं अपना 100वां टेस्ट खेल रहा हूं और ये समय यूं ही गुजर गया.
