नई दिल्ली,
हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी उर्फ मैंडम मिंज की शादी से ठीक दो दिन पहले पांच शार्प शूटर गिरफ्तार किए गए हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांचों शूटरों को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया है, जो काला जठेड़ी गैंग से ही जुड़े बताए जा रहे हैं. पुलिस ने उनके कब्जे से विदेशी हथियार बरामद किए हैं, जिनमें पीएक्स 30 मेड इन चाइना पिस्टल, पी. ब्रेटा मेड इन इटली पिस्टल, पॉइंट 32 पिस्टल और कई राउंड कारतूस शामिल हैं. 12 मार्च को काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी होने वाली है. उससे पहले हरियाणा के रोहतक में एक बड़ी खूनी गैंगवार होने से बची है.
दिल्ली पुलिस को जानकारी मिली थी कि काला जठेड़ी की शादी के पहले उसके इशारे पर हरियाणा के रोहतक में बड़ी खूनी गैंगवार होने वाली है. इसके तार हरियाणा की जेल और दिल्ली की तिहाड़ जेल से जुड़े हुए हैं. इसके बाद दिल्ली के द्वारका इलाके से पांचों शूटरों को गिरफ्तार किया गया. उसमें कई जठेड़ी के वफादार और पेशेवर अपराधी शामिल हैं. पकड़े गए मुख्य आरोपी राहुल बाबा और प्रवीण दादा काला जठेड़ी के साथ मिलकर हरियाणा में शराब के ठेके चलाते थे. इसी लेकर दूसरे गैंग के अजय से उनका झगड़ा हो गया था. इसके बाद अजय उनके विरोधी गैंग नीरज बवाना-हिमांशु उर्फ भाऊ का करीबी हो गया था.
अजय गैंगस्टर अमन का भी दोस्त है. अमन हिमांशु भाऊ और नीरज बवाना का खास दोस्त है. इन सभी लोगों ने मिलकर राहुल बाबा के ऑफिस पर फायरिंग करवाई थी. उधर रोहतक जेल में राहुल पर भी अमन ने जानलेवा हमला करवा दिया था. यही वजह है कि जेल से बाहर आते ही राहुल ने काला जठेड़ी से संपर्क किया और अमन की हत्या की योजना बना डाली. इसी हत्याकांड को अंजाम देने के लिए पांचों शूटरों की मदद ली गई. लेकिन साजिश जब तक अंजाम तक पहुंचती, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस गैंगवार के लिए काला जठेड़ी ने दो नए लड़के मोहन और सचिन को भी हायर किया था.
दूल्हे काला जठेड़ी पर हैं 40 से ज्यादा केस तो दुल्हन भी नहीं हैं कम
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इन शूटरों को काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी की सुरक्षा के लिए तो नहीं लगाया गया था. या फिर ये लोग बारात में शामिल होकर अपने बॉस की शादी में हिस्सा लेने के फिराक में थे. पुलिस हिरासत में पांचों शूटरों से पूछताछ की जा रही है. अभी इस शादी में महज एक दिन बचे हैं. इससे पहले दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान की पुलिस बहुत ज्यादा सतर्क है. इनके सात ही एनआईए भी इस शादी पर अपनी नजरे जमाए हुए हैं. इस शादी से पहले या बाद में गैंगवार के साथ किसी दूसरी साजिश से भी पुलिस अभी इनकार नहीं कर रही है.
खौफ के साए में 7 फेरे लेगा काला जठेड़ी, 4 सूबे की पुलिस अलर्ट
40 से ज्यादा मर्डर केस. सिर पर आईपीसी की सारी धाराएं. बंबीहा और बवाना गैंग समेत दर्जनों गैंगस्टरों की जान का दुश्मन. इसके बावजूद खुल्लम खुल्ला प्यार प्यार और अब शादी की तैयारी. जी हां, हम कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी की होने वाली शादी की बात कर रहे हैं. 12 मार्च को दिल्ली के द्वारका के एक बैंक्वेट हॉल में ये शादी होनी है. ये सिर्फ एक गैंगस्टर की शादी नही बल्कि चार राज्यों की पुलिस की सिरदर्दी भी है. कोर्ट ने इस शादी के लिए बस 6 घंटे की मोहलत दी है. इस दौरान काला जठेड़ी तिहाड़ जेल से जबरदस्त पुलिस सुरक्षा घेरे के बीच बाहर आएगा.
