केरल में 10 साल बाद UDF सरकार का अनुमान
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल आ गए हैं। सबसे बड़ा उलटफेर पश्चिम बंगाल में है, जहां आठ में से छह पोल भाजपा की ऐतिहासिक जीत और सत्ता परिवर्तन का इशारा कर रहे हैं। वहीं, असम और पुदुचेरी में भाजपा-एनडीए गठबंधन अपनी सत्ता बरकरार रखता दिख रहा है। दक्षिण की बात करें तो केरल में यूडीएफ की शानदार वापसी हो रही है, जबकि तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन आगे है।
तमिलनाडु एग्जिट पोल: छह सर्वे में द्रमुक आगे, टीवीके के आंकड़ों ने फंसाया पेंच
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 10 प्रमुख एग्जिट पोल्स के आंकड़े सामने आ चुके हैं, जो राज्य में एक बेहद रोमांचक और उलझी हुई चुनावी तस्वीर पेश कर रहे हैं। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। सामने आए 10 में से छह सर्वे सत्ताधारी द्रमुक गठबंधन की शानदार वापसी का साफ संकेत दे रहे हैं।
‘प्रजा पोल’ (148-168 सीटें) और ‘चाणक्य स्ट्रैटजी’ (145-160 सीटें) ने द्रमुक+ को भारी बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। हालांकि, ‘जेवीसी’ और नए सर्वे ‘वोट वाइब’ ने एनडीए के पक्ष में माहौल दिखाते हुए सबको चौंका दिया है। ‘जेवीसी’ ने एनडीए को 128-147 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत दिया है, जबकि ‘वोट वाइब’ ने भी एनडीए को 114-124 सीटें देकर उसे सत्ता के बेहद करीब या पार पहुंचा दिया है।
इन सबके बीच, सबसे बड़ा सियासी भूचाल अभिनेता विजय की नई पार्टी टीवीके लाती दिख रही है। सबसे ज्यादा हैरानी भरोसेमंद माने जाने वाले ‘एक्सिस माय इंडिया’ के आंकड़ों ने पैदा की है, जिसने टीवीके को 98 से 120 सीटें देकर सबसे बड़ी पार्टी बनने का अनुमान जताया है।
वहीं, ‘कामाख्या एनालिटिक्स’ के सर्वे में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिल रहा है, लेकिन टीवीके 67-81 सीटें जीतकर राज्य में ‘किंगमेकर’ की भूमिका में खड़ी नजर आ रही है। कुल मिलाकर इन विरोधाभासी और दिलचस्प एग्जिट पोल्स ने तमिलनाडु के चुनावी नतीजों को पूरी तरह से अप्रत्याशित बना दिया है, जिसका असली फैसला मतगणना के दिन ही होगा।
असम एग्जिट पोल 2026: सभी 11 सर्वे में भाजपा की आंधी, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
असम विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करता दिख रहा है। 126 सीटों वाली असम विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है। सामने आए सभी 11 प्रमुख एग्जिट पोल्स ने एक सुर में भाजपा गठबंधन की बंपर जीत की भविष्यवाणी की है। किसी भी सर्वे में कांग्रेस दूर-दूर तक टक्कर देती नजर नहीं आ रही है। सभी एजेंसियों ने भाजपा को 80 से ज्यादा सीटें दी हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि असम की जनता ने एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने का पूरा मन बना लिया है।
‘एक्सिस माय इंडिया’, ‘जेवीसी-टाइम्स नाऊ’, ‘पोल डायरी’ और ‘वोट वाइब’ जैसे बड़े सर्वे ने तो भाजपा गठबंधन को अधिकतम 100 या 101 सीटों तक पहुंचने का अनुमान जताया है। वहीं, मुख्य विपक्षी कांग्रेस गठबंधन की हालत बेहद खराब दिख रही है। ‘पी-मारक्यू’ (30-40 सीटें) को छोड़ दें तो ज्यादातर सर्वे में कांग्रेस गठबंधन 25 से 35 सीटों के बीच ही सिमटता नजर आ रहा है। इसके अलावा अन्य दलों का भी कोई खास प्रभाव नहीं दिख रहा है। इन सभी 11 एग्जिट पोल्स के रुझानों ने यह बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है कि असम में भाजपा की आंधी के आगे विपक्ष पूरी तरह से पस्त हो गया है।
केरल एग्जिट पोल 2026: आठ में से सात सर्वे में यूडीएफ की शानदार वापसी
केरल विधानसभा चुनाव 2026 के आठ प्रमुख एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आ चुके हैं। 140 सीटों वाली केरल विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 71 है। सामने आए आठ में से सात एग्जिट पोल्स में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। ‘एक्सिस माय इंडिया’ ने यूडीएफ की सबसे बड़ी जीत की भविष्यवाणी करते हुए उसे 78-90 सीटें दी हैं, जबकि सत्ताधारी वामपंथी गठबंधन एलडीएफ को 49-62 सीटों पर ही समेट दिया है। इसके अलावा ‘जेवीसी’, ‘वोट वाइब’, ‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’, ‘पी-मारक्यू’, ‘मैट्रिज’ और ‘पीपल्स इनसाइट’ के आंकड़ों में भी यूडीएफ आसानी से बहुमत के पार या उसके बेहद करीब पहुंचती दिख रही है। इन रुझानों से साफ है कि केरल की जनता इस बार सत्ताधारी एलडीएफ को हटाकर बदलाव के मूड में है।
पश्चिम बंगाल एग्जिट पोल: छह सर्वे में भाजपा को बहुमत, दो में तृणमूल की वापसी का दावा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाले हैं। सामने आए आठ प्रमुख सर्वे में से छह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में अपनी पहली सरकार बनाती दिख रही है। ‘प्रजा पोल’ के सर्वे में तो भाजपा को सबसे बड़ी जीत (178-208 सीटें) मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा ‘पोल डायरी’, ‘पी-मारक्यू’, ‘मैट्रिज’, ‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’ और ‘जेवीसी’ ने भी भाजपा को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर स्पष्ट बढ़त दी है और बहुमत के आंकड़े के पार रखा है। इन छह एजेंसियों के रुझानों से साफ संकेत मिल रहा है कि लंबे समय से सत्ता पर काबिज तृणमूल को इस बार करारी शिकस्त का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, दो एग्जिट पोल्स ऐसे भी हैं जो पूरी तरह से अलग कहानी बयां कर रहे हैं और तृणमूल के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। ‘जनमत पोल्स’ और ‘पीपल्स पल्स’ के सर्वे में तृणमूल की सत्ता में शानदार वापसी का दावा किया गया है। ‘जनमत पोल्स’ के अनुसार तृणमूल 195-205 सीटें जीतकर फिर से अपनी सरकार बना सकती है, जबकि इस सर्वे में भाजपा को 80-90 सीटों पर ही समेट दिया गया है। वहीं, ‘पीपल्स पल्स’ ने भी तृणमूल को 177-187 सीटें और भाजपा को 95-110 सीटें दी हैं। कुल मिलाकर, एग्जिट पोल्स के ये विरोधाभासी आंकड़े बंगाल में एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर का इशारा कर रहे हैं, जिसका असली फैसला मतगणना के दिन ही होगा।
पुदुचेरी एग्जिट पोल 2026: पांचों सर्वे में एनडीए को स्पष्ट बहुमत
पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए गठबंधन ने पूरी तरह से बाजी मार ली है। बंगाल में जहां पांच एग्जिट पोल्स में भाजपा आगे है, वहीं पुदुचेरी के सभी पांच प्रमुख सर्वे में एनडीए भारी बहुमत के साथ सरकार बनाता दिख रहा है। ‘प्रजा पोल’ और ‘कामाख्या एनालिटिक्स’ के अनुमानों के अनुसार तो एनडीए 20 से ज्यादा सीटें जीत सकता है। इन रुझानों से एकदम साफ है कि पुदुचेरी की जनता ने सत्ता की चाबी एक बार फिर एनडीए गठबंधन को सौंपने का मन बना लिया है, जबकि कांग्रेस गठबंधन बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे छूट गया है।
‘प्रजा पोल’ ने एनडीए को सबसे शानदार जीत देते हुए 19-25 सीटें और कांग्रेस+ को 6-10 सीटें दी हैं।
‘कामाख्या एनालिटिक्स’ ने भी एनडीए को 17-24 सीटों के साथ बड़ी बढ़त दिखाई है।
‘एक्सिस माय इंडिया’ के अनुसार एनडीए को 16-20 और कांग्रेस+ को महज 6-8 सीटें मिल सकती हैं।
‘जेवीसी’ (15-17) और ‘पीपल्स पल्स’ (16-19) ने भी एनडीए को बहुमत के पार रखा है।
इन सभी पांच सर्वे में नई पार्टी टीवीके+ का कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है, और अधिकांश एजेंसियों के अनुसार उसका खाता खुलना भी मुश्किल लग रहा है।
