भोपाल। मप्र शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के छह अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, सागर संभाग के अपर आयुक्त (राजस्व) पवन कुमार जैन (भाप्रसे 2013) को अब उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन, सहकारिता विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं, सहकारिता विभाग की उप सचिव श्रीमती रानी बाटड (भाप्रसे 2014) का तबादला करते हुए उन्हें उप सचिव, श्रम विभाग तथा सचिव, मध्य प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मण्डल नियुक्त किया गया है।
साथ ही उन्हें कल्याण आयुक्त, मध्य प्रदेश असंगठित शहरी/ग्रामीण कर्मकार कल्याण मण्डल, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसी क्रम में, मध्य प्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम, भोपाल के महाप्रबंधक विनय निगम (भाप्रसे 2014) को अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM), भोपाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्कूल शिक्षा विभाग की उप सचिव श्रीमती मंजूषा विक्रांत राय (भाप्रसे 2016) को स्थानांतरित कर उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन, पशु पालन एवं डेयरी विभाग के पद पर भेजा गया है।
इंदौर में संयुक्त आयुक्त (लिटिगेशन एवं समन्वय) के रूप में कार्यरत श्रीमती शैली कनाश (भाप्रसे 2019) को संभागीय सचिव, माध्यमिक शिक्षा मण्डल, इंदौर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, जबलपुर नगर पालिक निगम के अपर आयुक्त अरविन्द कुमार शाह (भाप्रसे 2021) को स्थानांतरित करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), आयुष्मान भारत, भोपाल के पद पर पदस्थ किया गया है। शासन द्वारा विनय निगम, श्रीमती शैली कनाश और अरविन्द कुमार शाह को अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन के पद पर भी नामांकित किया गया है।
