नई दिल्ली,
शेयर बाजार में बुधवार को आई बड़ी गिरावट ने मार्केट में निवेश करने वाले इन्वेस्टर्स को तगड़ा नुकसान कराया. खास बात ये रही कि गिरावट के बीच बड़ी-बड़ी कंपनियों के शेयर ताश के पत्तों की तरह बिखर गए और इन कंपनियों के मालिकों की संपत्ति में बड़ी गिरावट देखने को मिला. एक ओर जहां अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी को 60,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ, तो वहीं दूसरी ओर देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के 30,000 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए.
6 घंटे में निवेशकों के 13 लाख करोड़ डूबे!
भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का दिन इस साल का सबसे बुरा दिन साबित हुए. कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) 1046 अंक तक फिसला, तो वहीं निफ्टी ने 388 अंक तक टूट गया. हालांकि, Stock Market में कारोबार के आखिरी मिनटों में बाजार में मामूली रिकवरी जरूर की, लेकिन इसके बावजूद सेंसेक्स 906.07 अंक या 1.23 फीसदी की गिरावट के साथ 72,761.89 के स्तर पर क्लोज हुआ, जबकि निफ्टी 338 अंक या 1.51 फीसदी फिसलकर 21,997.70 के लेवल पर बंद हुआ. इस गिरावट के बीच शेयर बाजार निवेशकों (Share Market Investors) को करीब 13 लाख करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है.
अडानी ग्रुप के सभी शेयर लाल निशान पर
शेयर मार्केट में आए इस भूचाल में वैसे तो कई कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली, इनमें ऑटोमोबाइल सेक्टर से लेकर बैंकिंग सेक्टर तक के दिग्गज नाम शामिल हैं. बुधवार को दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में शामिल भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी को बड़ा घाटा झेलना पड़ा है. Gautam Adani के नेतृत्व वाले अडानी ग्रुप (Adani Group) का मार्केट कैप 90,000 करोड़ रुपये घट गया. गौतम अडानी की सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली.
अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर तो 13 फीसदी तक टूट गया. इसके अलावा अन्य शेयरों में 5-8 फीसदी तक की बड़ी गिरावट देखने को मिली. कंपनियों के स्टॉक्स में आई इस गिरावट का सीधा असर गौतम अडानी की नेटवर्थ पर दिखा, जो फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, 8 अरब डॉलर (करीब 66,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) घट गई.
अंबानी की कंपनियों के शेयर भी टूटे
बात करें मुकेश अंबानी की, तो फोर्ब्स के मुताबिक रिलायंस चेयरमैन को बुधवार को 3.5 अरब डॉलर या करीब 30,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है. उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शेयर (Reliance Share) 2.63 फीसदी की गिरावट लेकर 2,873.20 रुपये पर बंद हुआ. इस बीच कंपनी की मार्केट वैल्यू (Reliance Market Cap) कम होकर 19.39 लाख करोड़ रुपये रह गया. इसके अलावा मुकेश अंबानी की नई कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का शेयर आज बुरी तरह टूटा. इसमें कारोबार के दौरान 10 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली. बाजार बंद होने पर Jio Financial Sevices Share 9.24 फीसदी गिरकर 328.40 रुपये पर बंद हुआ. इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन भी कम होकर 2.08 लाख करोड़ रुपये रह गया.
रिलायंस के शेयर टूटने की वजह से मुकेश अंबानी की नेटवर्थ (Mukesh Ambani Net Worth) कम होकर 112.5 अरब डॉलर रह गई. फोर्ब्स के मुताबिक, रिलायंस चेयरमैन इतनी संपत्ति के साथ दुनिया के टॉप-10 अरबपतियों (Top-10 Billionaires) की लिस्ट में दसवें पायदान पर हैं.
