नई दिल्ली:
देश के सबसे बड़े ‘चुनावी महाकुंभ’ की तारीखों का ऐलान आज मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कर दिया है। देश में 19 अप्रैल से 1 जून तक 7 चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल देश के सामने रखा। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने नेताओं को खास नसीहत दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा राजनीतिक दलों को पर्सनल अटैक से बचना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बशीर बद्र का शेर सुनाते हुए कहा- दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिन्दा न हों। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनावी दलों को सख्त हिदायत दी गई। चुनावी दलों के सभी नेताओं और स्टार कैंपेनर्स को आयोग की गाइडलाइंस देने को कहा गया है, जिससे वे लक्ष्मणरेखा पार न करें। उन्होंने कहा कि अब डिजिटल दुनिया है जो भी मुंह से गलत निकलता है उसका रेकॉर्ड 100 सालों के लिए हो जाता है। और वैसे भी एक बार जब लड़ाई झगड़ा होता है तो प्रेम का धागा टूट जाता है, जिससे बड़ी मुश्किल होती है।
उन्होंने रहीम का दोहा सुनाते हुए कहा, ‘रहिमन धागा प्रेम का, मत तोरो चटकाय, टूटे पे फिर ना जुरे, जुरे गांठ परी जाय। इसलिए क्यों ही ऐसी गांठ बांधनी हैं थोड़ा प्यार मोहब्बत से प्रचार कीजिए।’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है और चुनाव में हिंसा को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव में धन बल और बाहुबल के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी पुख्ता व्यवस्था की गईं है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह भी दावा किया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सबकी भागीदारी से चुनाव आयोग यादगार, निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने में कामयाब होगा।
‘अफवाहें फैलाने का अधिकार किसी को नहीं’
झूठ के बाजार में रौनक तो बहुत है, गोला बुलबुले जैसा तुरंत ही फट जाता हैं, पकड़ भी लोगे तो क्या हासिल होगा, बस सिवाय धोखे के!
सोशल मीडिया में फैलने वाली फेक खबरों के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ने वोटरों से इन शब्दों में अपील की। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा ‘आलोचना का अधिकार सभी को है। हमारी भी आलोचना की जा सकती है। लेकिन अफवाहें फैलाने का अधिकार किसी को नहीं है। चुनाव आयोग इस बार अफवाहें रोकने को लेकर बहुत सख्त रहेगा। सोशल मीडिया पोस्ट को हटाने के लिए अधिकारियों की तैनाती रहेगी। हमारी पूरी मशीनरी फर्जी बातों को आगे बढ़कर रोकेगी।’
सात चरणों में होगा लोकसभा चुनाव, 4 जून को आएंगे नतीजे
देश में लोकसभा का अगला चुनाव सात चरणों मे होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लोकसभा के पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल को होगा, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई, चौथे चरण के लिए 13 मई, पांचवे चरण के लिए 20 मई, छठे चरण के लिए 25 मई और सातवें चरण के लिए 1 जून को मतदान होगा। नतीजों की घोषणा 4 जून को होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दोनों चुनाव आयुक्तों – ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ शनिवार को नई दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार इस बार देश में लोकसभा के चुनाव सात चरणों में होंगे। आपको बता दें कि 2019 का पिछला लोकसभा चुनाव भी देश में सात चरणों में ही हुआ था।
