चेन्नई,
केएल राहुल की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में अपना 5वां मुकाबला जीत लिया है. उसने मंगलवार (23 अप्रैल) को खेले गए मुकाबले में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी. यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला गया, जिसमें चेन्नई टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 211 रनों का टारगेट सेट किया. जवाब में जवाब में लखनऊ टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 33 रनों पर 2 विकेट गंवा दिए थे.
स्टोइनिस ने अकेले दम पर मैच जिताया
इसके बाद मार्कस स्टोइनिस ने मोर्चा संभाला और देवदत्त पडिक्कल (13) के साथ मिलकर 55 रनों की पार्टनरशिप की. फिर स्टोइनिस ने निकोलस पूरन (34) के साथ 34 गेंदों पर 70 रनों की साझेदारी की. फिर स्टोइनिस ने 56 गेंदों पर अपना IPL का पहला शतक पूरा किया.
स्टोइनिस ने 63 गेंदों पर कुल नाबाद 124 रनों की मैच विनिंग शतकीय पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 6 छक्के और 13 चौके जमाए. जबकि चेन्नई टीम के लिए कोई भी गेंदबाज मैच विनिंग प्रदर्शन नहीं कर सका. मथीशा पथिराना ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए. जबकि मुस्ताफिजुर रहमान और दीपक चाहर को 1-1 सफलता मिली.
गायकवाड़ का शतक और शिवम की फिफ्टी
चेन्नई टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 210 रन बनाए. टीम के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 56 गेंदों पर शतक जड़ा. उन्होंने 60 गेंदों पर कुल 108 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान 3 छक्के और 12 चौके जमाए. जबकि शिवम दुबे ने 27 गेंदों पर 66 रन जड़े. उन्होंने 7 छक्के और 3 चौके जमाए. दूसरी ओर लखनऊ टीम के लिए कोई गेंदबाज कमाल नहीं दिखा सका. मेट हेनरी, मोहसिन खान और यश ठाकुर ने 1-1 विकेट लिया.
