गुना ,
गुना लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी यादवेन्द्र सिंह यादव के लिए प्रचार में जुटे दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्द्धन सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को बाहरी प्रत्याशी बता दिया है. कांग्रेस विधायक ने लोगों से कहा उस व्यक्ति को प्रत्याशी चुनें जो आसानी से उपलब्ध हो सके.
कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेंद्र सिंह के समर्थन में राघौगढ़ विधायक जयवर्द्धन सिंह ने गुना शहर के विभिन्न वार्डों में जनसम्पर्क किया. जनसंपर्क के दौरान जयवर्द्धन ने लोगों से कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे हाईप्रोफाइल और बाहरी नेता की बजाए स्थानीय जनप्रतिनिधि राव यादवेंद्र को अपना समर्थन दें, ताकि चुनाव आसानी से लोग अपने सांसद से मिल सकें और उनकी समस्या का समाधान हो सके.
राव यादवेंद्र सिंह के समर्थन में कांग्रेस नेता जयवर्द्धन सिंह ने शहर में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया. उन्होंने ‘लाड़ली बहना योजना’ के सामने ‘नारी सम्मान योजना’ का जिक्र करते हुए महिलाओं को बताया कि देश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हर गरीब महिला को सालाना एक लाख रुपए तक दिए जाएंगे.
जयवर्द्धन सिंह के मुताबिक, 5 साल पहले गुना की जनता संदेश दे चुकी है कि उन्हें बाहरी प्रत्याशी नहीं चाहिए, इसीलिए उन्होंने केपी यादव को चुना था. इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने इस बार उन 18 लाख मतदाताओं में से ही प्रत्याशी दिया है, जो इस लोकसभा क्षेत्र की सूची में शामिल है.
राघौगढ़ विधायक ने लोगों को स्थानीय जनप्रतिनिधि चुनने के फायदे बताते हुए समझाया कि ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली रहते हैं. कभी-कभी ग्वालियर आते हैं. महीने में एक बार गुना भी आ जाते हैं. लेकिन उनसे सीधे फोन पर बात करना संभव नहीं है. जबकि यादवेंद्र जमीन से जुड़े नेता हैं, उनसे कभी सम्पर्क किया जा सकता है. यादवेन्द्र सहज रूप से उपलब्ध होंगे. जयवर्धन ने भाजपा द्वारा दिए जा रहे डबल इंजन के जुमले की तुलना में बमौरी विधायक और उनकी जोड़ी को डबल इंजन बताया. जबकि यादवेंद्र को जिताने पर ट्रिपल इंजन तैयार होने की बात कही.
कांग्रेस उम्मीदवार यादवेंद्र सिंह ने बयान देते हुए कहा कि आजादी के बाद से लगातार एक ही परिवार को सांसद के रूप में चुनने के बाद भी क्षेत्र में विकास नहीं हो पा रहा है. ज्यादातर युवा बेरोजगार हैं, रोजगार के तलाश में अन्य राज्यों का रुख करते हैं. इसी तरह बिजली बिल कमर तोड़ रहे हैं, अगर कोई गरीब बिल जमा नहीं कर पा रहा है तो उसके खिलाफ लगातार केस दर्ज किए जा रहे हैं.
गुना सीट से कांग्रेस कैंडिडेट यादवेंद्र सिंह.
यादवेंद्र ने दावा किया कि क्षेत्र ने उन्हें चुना तो लोगों के जीवन में बदलाव आएगा और ऐसे मुद्दों पर पहले काम किया जाएगा, जो रोजमर्रा की गतिविधियों पर असर डालते हैं.
