हैदराबाद
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के बीच में ही भारत ने अपने टी20 विश्व कप के लिए टीम की घोषणा कर दी है। रोहित शर्मा टीम के कप्तान हैं, जबकि हार्दिक पंड्या को उप कप्तान बनाया गया है। इसके अलावा संजू सैमसन और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि टीम में नाम आते ही इन तीनों खिलाड़ियों का फॉर्म गायब हो गया है। टी20 विश्व कप का ऐलान 30 अप्रैल को हुआ था। उसी दिन मुंबई इंडियंस का मुकाबला लखनऊ सुपरजाइंट्स के साथ था।
इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक गोल्ड डक के शिकार हो गए थे। हार्दिक अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। इसके बाद शिवम दुबे की बारी आई। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बल्लेबाजी में धमाल मचा रहे शिवम दुबे भी विश्व कप टीम में नाम आते ही निराश कर दिया। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में शिवम स्पिनर की गुड लेंथ गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए। शिवम दुबे भी पारी में अपना खाता नहीं खोल पाए थे।
संजू सैमसन भी हैं टी20 विश्व कप टीम में शामिल
हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे के फ्लॉप शो के बाद संजू सैमसन भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले संजू सनराइजर्स के खिलाफ मैच में तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए थे। जोश बटलर के जल्दी आउट होने के बाद संजू से उम्मीद थी कि वह पारी को संभालेंगे, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हो सका।
संजू सिर्फ तीन गेंद खेलकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए। इस तरह संजू सैमसन तीसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं जिनका नाम टी20 विश्व कप में आते ही आईपीएल मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं। बता दें कि राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में पैट कमिंस की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद ने 201 रन का स्कोर खड़ा किया था।
