लखनऊ:
इकाना क्रिकेट स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के ओपनर बल्लेबाज सुनील नरेन ने अपनी तूफानी बैटिंग से कोहराम मचा दिया। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 54वें मैच में केकेआर के लिए सुनील नरेन ने सिर्फ 39 गेंद में 81 रन कूट दिए। सुनील तेजी से अपनी शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रवि बिश्नोई की गेंद पर फंस गए और देवदत्त पडीकल ने उनका एक आसान कैच लपक लिया। इससे पहले देवदत्त के कारण ही नरेन को जीवनदान मिल गया था। वह कैच लेकर बाउंड्री रोप के पार चल गए थे। हालांकि उसके अलगे ओवर में देवदत्त से चूक नहीं हुई।
अपनी इस पारी में सुनील नरेन ने 7 छक्के और 6 चौके भी लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 207 का रहा। सुनील नरेन की इस धमाकेदार पारी से केकेआर को बेहतरीन स्टार्ट मिला। आउट होने से पहले उन्होंने फिल साल्ट के साथ भी मिलकर पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की। लखनऊ के खिलाफ सुनील नरेन बेशक अपने शतक से चूक गए लेकिन उन्होंने जिस अंदाज में धुआंधार बैटिंग की उससे टीम का काम जरूर आसान हो गया।
लनखऊ ने टॉस जीतकर चुनी थी पहले गेंदबाजी
केकेआर के खिलाफ इस मुकाबले में लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। केकेआर और लखनऊ के बीच इस मुकाबले में गेंदबाजों को पिच से कुछ खास मदद नहीं मिली। ऐसे में केएल राहुल का टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला उल्टा पड़ा गया।
