भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जन्मजयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 2 जून को नवनिर्मित सिविल हॉस्पिटल हथाईखेड़ा रोड़ आनंद नगर में लगेगा। इसमें न सिर्फ नि:शुल्क जांचें और दवाएं मिलेंगी बल्कि आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनाने की सुविधा भी होगी।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गुरुवार को भोपाल में निवास पर गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबूलाल गौर की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को लेकर चर्चा की।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, बल्ड प्रेशर, हड्डियों में कैल्शियम जांच, न्यूरो, ईसीजी और लग्स इंफेक्शन टेस्ट की जांच फ्री में होगी। जरूरी दवाईयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शहर के कई प्रतिष्ठित डॉक्टरों की मौजूदगी में विभिन्न रोगों की जांच भी की जाएगी। इस शिविर का आयोजन रामकृष्ण गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन सेवा समिति भोपाल द्वारा किया जा रहा है वहीं इस शिविर के संयोजक बालाजी फ्रेक्चर हॉस्पिटल सोनागिरि भोपाल के डॉक्टर महेश गुप्ता हैं।
