अमेठी,
अमेठी में नगर पंचायत कार्यालय में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां चेयरमैन का पति खुद न्यायाधीश बन गया. इस मामले का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी निशा अनंत ने जांच के आदेश दिए.पूरा मामला जनपद के अमेठी नगर पंचायत का है.
अमेठी नगर पंचायत की चेयरमैन अंजू कसौधन है और उनके पति फूल चंद्र कशौधन अपने पत्नी की जगह सुनवाई कर रहे थे. ऐसे में जानकारी न होने के अभाव में न ही मुकदमे खत्म हो रहे हैं और न ही लोगों को समय से न्याय मिल पा रहा है. इस कारण नगर पंचायत के बाहर फरियादियों की लंबी लाइन लगी रहती है.
वहीं इस पूरे मामले को लेकर नगर पंचायत चेयरमैन अंजू कशौधन से बात की गई थी. उन्होंने खुद कैमरे पर स्वीकार किया है कि यहां पर अधिकतर मामले में पति सुनवाई करने में सहयोग करते हैं. ऐसे ही एक मामले में सुनवाई करते हुए चेयरमैन के पति का सुनवाई करते हुए वीडियो सामने आया है. इस पर जिलाधिकारी निशा अनंत ने बताया की प्रकरण हमारे संज्ञान में आया है इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
चेयरमैन के पास मामले लेकर पहुंचने वाले फरियादियों की पैरवी करने पहुंचे अधिवक्ता धर्मेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि सुनवाई के दौरान यहां पर चेयरमैन बैठी रहती हैं और शुरू से ही उनके पति ही मुकदमे की सुनवाई करते रहते हैं, जो कानूनी रूप से गलत है. वहीं एक फरियादी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हम यहां पर दो साल से मुकदमा लड़ रहे हैं. आज मुकदमे के लिए कार्यालय आए हुए थे. मुकदमे की सुनवाई नगर अध्यक्षा के पति करते हैं और वह वहीं बगल में बैठी रहती है
