महोबा ,
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जहां एक सरकारी बस में यात्रियों को छाता लेकर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा. क्योंकि, बारिश के चलते बस की छत से पानी टपक रहा था. किसी यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो संज्ञान में आने के बाद विभाग में खलबली मच गई.
वायरल वीडियो ने यूपी रोडवेज बसों की दुर्दशा को उजागर कर दिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बारिश के दौरान बस के अंदर बैठे यात्री छाता लगाकर यात्रा कर रहे हैं. यहीं नही बस की छत से टपकते पानी से बचने के लिए यात्री खड़े होकर सफर करते दिखाई दिए तो वहीं बस में वाइपर तक नहीं थे. ऐसे में बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी.
बताया जा रहा है कि वीडियो महोबा डिपो बस का है, जो बीते दिनों बांदा से महोबा आ रही थी. तभी तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई. क्योंकि, बस की छत से पानी टपकने लगा था. ऐसे में बस की सीटों पर बैठे यात्री टपकते पानी से बचने के लिए खड़े होकर सफर करने लगे. एक यात्री तो टपकते पानी से बचाव के लिए छाता खोलकर बैठ गया.
चूंकि, बस की छत जर्जर हालत में थी. इसलिए उससे पानी टपकने लगा था. उससे बचने के लिए यात्री तरह-तरह के जतन करते दिखाई दिए. इस बीच एक यात्री ने बस में टपकते पानी का वीडियो बना कर वायरल कर दिया. इस बस में वाइपर तक नहीं लगा था. जिसपर यूजर्स ने कहा कि ये सरासर यात्रियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है.
बता दें कि रोडवेज बस में सफर के दौरान बांदा से महोबा के लिए यात्री को 86 रुपए किराया देना पड़ता है, मगर सुविधाओं के नाम पर बस की छत से टपकता पानी मिलने से यात्री खफा हैं. इसी रूट पर 1 वर्ष पूर्व 68 रुपए किराया था, जो 20 रुपए बढ़कर अब 86 रुपए हो चुका है.
मामले में डिपो के प्रभारी एआरएम राकेश कुमार पांडे बताते हैं कि सभी रोडों पर सुविधाओं से युक्त बसों को संचालित करने के निर्देश हैं मगर जानकारी मिली है कि बांदा से महोबा आ रही बस से बारिश के कारण छत से पानी टपकने पर यात्री को परेशानी हुई है. इसको लेकर फोरमैन को यह निर्देश दिए गए हैं कि बिना बसों को चेक किए रूट पर ना भेजा जाए, वहीं शासन को भी इस बाबत पत्र लिखा है.
