मुंबई
श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। सूर्यकुमार यादव के रूप में भारतीय टीम को नया टी20 कप्तान मिला है। वनडे में रोहित शर्मा ही कप्तानी कर रहे हैं। इसके साथ ही टीम इंडिया को वनडे और टी20 फॉर्मेट में नया उपकप्तान मिल गया है। टी20 वर्ल्ड कप में हार्दिक पंड्या उपकप्तान थे, लेकिन उनकी अब इस पद से भी छुट्टी हो गई है।
शुभमन गिल बने नए उपकप्तान
शुभमन गिल को टी20 में भारतीय टीम का उपकप्तान बनाया गया है। गिल जिम्बाब्वे सीरीज में कप्तान भी थे। गिल को वनडे में भी टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इसके पहले गिल ने कभी टीम इंडिया की कप्तानी नहीं की थी। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। इसके बाद भी गिल को टीम इंडिया का वनडे और टी20 उपकप्तान बना दिया गया है।
भविष्य की तरफ देख रहे चयनकर्ता?
हार्दिक पंड्या से पहले केएल राहुल वनडे के कप्तान थे। ऋषभ पंत टी20 में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। ये दोनों खिलाड़ी वनडे टीम का हिस्सा हैं। इसके बाद भी गिल को उपकप्तान बनाया गया है। पंत टी20 की टीम में भी हैं। वहां भी गिल उपकप्तान हैं। इससे साफ है कि चयनकर्ता भविष्य की तरफ देख रहे हैं। इसके साथ ही शुभमन गिल टीम इंडिया के वनडे और टी20 में अगले कप्तान भी बन सकते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पद छोड़ सकते हैं रोहित
चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल फरवरी में होनी है। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में उतरेगी। इसके बाद वनडे का अगला बड़ा टूर्नामेंट 2027 वर्ल्ड कप है। उस समय तक रोहित की उम्र 40 के पार हो जाएगी। ऐसे में वह चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कप्तानी छोड़ सकते हैं। जिससे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए नए कप्तान दो साल का समय मिल जाए।
